पंपिंग स्टेशन पर फोड़े मटके एईएन व जेईएन का किया घेराव
पुष्कर की बिगड़ी पेयजल व्यवस्था को लेकर सोमवार को नगर वासियों का गुस्सा फूट गया। गुस्साए लोगों ने पंपिंग स्टेशन पहुंच कर एईएन व जेईएन का घेराव कर उन्हें जमकर खरी-खोटी सुनाई तथा मटके फोड़ कर विरोध प्रदर्शन किया।
साथ ही व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किए जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। पेयजल समस्या से परेशान कैमल सफारी यूनियन के संरक्षक अशोक टाक व राजेश करीठ के नेतृत्व में छोटी बस्ती व पंचकुंड रोड़ के पीडि़त उपभोक्ता लामबंद होकर पंपिंग स्टेशन पर धावा बोल दिया तथा एईएन व जेईएन को आड़े हाथों लिया। टाक ने एईएन एसके माथुर को ज्ञापन सौंपा। जिसमें बताया गया है कि पिछले लंबे समय से छोटी बस्ती व पंचकुंड रोड़ की पेयजल व्यवस्था लडख़ड़ा रखी है। लोगों को पीने के पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। आरोप है कि 4 दिन पूर्व समस्या के अवगत कराया गया। बावजूद इसके समस्या का समाधान नहीं हुआ। आक्रोशित लोगों ने जलापूर्ति नियमित नहीं होने की स्थिति में आंदोलन करने की चेतावनी दी है। वहीं एईएन माथुर ने बताया कि दो नलकूप बंद हो गए। नसीराबाद, केकड़ी, होकरा सहित कई जगह बीसलपुर की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे पुष्कर की जलापूर्ति बाधित हुई है। एक-दो दिन में जलापूर्ति सुचारू कर दी जाएगी।
लोग मांग रहे हैं पानी, आंदोलन की चेतावनी
पूर्व पालिकाध्यक्ष मंजू कुर्डिया के पति जगदीश कुर्डिया ने शहर की बिगड़ी पेयजल व्यवस्था पर रोष व्यक्त करते हुए आरोप लगाया कि लोग जलदाय विभाग से पीने के लिए पानी मांग रहे हैं, लेकिन एईएन व कर्मचारी पेयजल आपूर्ति सुचारू करने की जगह बहाने बना रहे हैं। कुर्डिया ने भी व्यवस्थाओं में सुधार नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।