भगवान बद्रीनारायण के दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु
पुष्कर|अक्षय तृतीया (आखातीज) के मौके पर बुधवार को बड़ी व छोटी बस्ती स्थित भगवान बद्रीनारायण के प्राचीन मंदिरों में अनेक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा दिन-भर दोनों मंदिरों में बद्री विशाल के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। बड़ी बस्ती स्थित मंदिर के पुजारी धर्मप्रकाश व लक्ष्मीकांत पाराशर ने बताया कि आखातीज के मौके पर भगवान बद्रीनारायण के दर्शन करने का विशेष धार्मिक महत्व है। इसी के चलते दिन भर मंदिर में दर्शनार्थियों की भारी चहल-पहल रही। मंदिर में विशेष सजावट की गई तथा दिन में तीन बार सुबह 7 दोपहर 12 व शाम को 7 बजे भगवान बद्रीनाथ का अलग-अलग शृंगार कर आरती उतारी गई। श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इससे पूर्व रात्रि को भजन संध्या आयोजित की गई। छोटी बस्ती स्थित बद्रीनारायण मंदिर में भी तीन बार अलग-अलग शृंगार कर आरती उतारी गई तथा अनेक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।