पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • पालिकाध्यक्ष की विवादित भूमि का हुआ सीमाज्ञान

पालिकाध्यक्ष की विवादित भूमि का हुआ सीमाज्ञान

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पुष्कर के पंचकुंड रोड पर नगर पालिका अध्यक्ष की बेशकीमती विवादित भूमि का प्रशासन ने भारी पुलिस इमदाद के बीच सीमा ज्ञान किया। इस दौरान विवादित जमीन पर काबिज निर्मल आश्रम के महंत ने जमीन को आश्रम का मालिकाना हक जताते हुए सीमाज्ञान की कार्यवाही का विरोध किया। उधर विवाद की आशंका के चलते मौके पर एएसपी, डीएसपी, एसडीएम आदि पूरे लवाजमे के साथ अलर्ट रहे।

पालिकाध्यक्ष कमल पाठक के आवेदन पर मंगलवार की सुबह एसडीएम वीके गोयल के आदेशानुसार तहसीलदार विमलेंद्र राणावत अधीनस्थ गिरदावर व पटवारी के साथ पालिकाध्यक्ष की करीब 5 बीघा 3 बिस्वा विवादग्रस्त जमीन का सीमाज्ञान करने मौके पर पहुंचे। वहीं सीमाज्ञान की कार्यवाही के विरोध में निर्मल आश्रम के महंत डॉ. स्वामी रामेश्वरानंद आश्रम के अन्य ट्रस्टी व संतों के साथ लामबंद होकर विवादित जमीन बैठ गए।

डॉ. स्वामी ने सीमाज्ञान का विरोध करते हुए बताया कि जिस जमीन का सीमाज्ञान किया जाना है वह आश्रम की खरीदशुदा जमीन है तथा जमीन पर आश्रम का कब्जा है।

उन्होंने प्रशासन को सीमाज्ञान नहीं करने देने की चेतावनी दी। विवाद की संभावना के चलते एएसपी देवेंद्र कुमार, डीएसपी राजेश वर्मा, थानाधिकारी महावीर शर्मा मय लवाजमे के साथ मौके पर पहुंच गए तथा डॉ. स्वामी से समझाइश की।

हल्के विरोध के बाद डॉ. स्वामी ने प्रशासन को सीमाज्ञान के लिए खुला छोड़ दिया। बाद में तहसीलदार ने राजस्व कर्मियों के सहयोग से जमीन का पत्थर गढ़ी कर दी।

विवादित जमीन का सीमाज्ञान करने के बाद कार्यवाही से खातेदार कमल पाठक व आश्रम के महंत डॉ. स्वामी को अवगत कराते एसडीओ गोयल।

विवादित जमीन आश्रम की खरीदशुदा जमीन है तथा शुरू से ही आश्रम के कब्जे में है। चार-दीवारी बनी हुई है। सीमाज्ञान में उनकी सहमति नहीं है। राजस्व मंडल ने मंगलवार को ही विवादित जमीन के प्रकरण में यथास्थिति बनाए रखने के आदेश जारी किए है। डॉ. स्वामी रामेश्वरानंद, महंत निर्मल आश्रम

गत 2011 में जमीन खरीदी थी तथा उनके नाम रजिस्ट्री है। साथ ही उनके पक्ष में म्यूटेशन भी खोला गया है। उन्होंने जमीन के सीमाज्ञान व पत्थर गढ़ी के लिए आवेदन किया था। इस पर उनके पड़ोसी खातेदार डॉ. स्वामी ने आपत्ति की। जिसे एसडीएम ने खारिज कर दिया। डॉ. स्वामी जबरन उनकी खरीदशुदा जमीन पर कब्जा करना चाहते है। कमल पाठक, खातेदार (पालिकाध्यक्ष) पुष्कर।

खातेदार कमल पाठक के आवेदन पर उनकी खरीदशुदा जमीन पर शांति पूर्वक सीमाज्ञान कर पत्थर गढ़ी की गई। विवाद की आशंका के कारण पुलिस बुलाई गई। लेकिन बिना किसी विवाद के शांति पूर्वक सीमाज्ञान किया गया। अगर किसी को कोई आपत्ति है तो वे सक्षम अदालत में दावा पेश कर सकते है। वीके गोयल, एसडीओ, पुष्कर।

खबरें और भी हैं...