वार्ड पार्षद के उपचुनाव की तैयारियां शुरू
सिटी रिपोर्टर | पुष्कर
पुष्कर नगर पालिका के वार्ड संख्या 16 में पार्षद पद के लिए होने वाले उप चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एसडीएम) ने सोमवार को वार्ड 16 के निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया है। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एसडीएम) वीके गोयल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि वार्ड की मतदाता सूची का सोमवार को अंतिम प्रकाशन कर दिया है तथा सूची संशोधन के साथ एसडीएम ऑफिस व नगर पालिका कार्यालय में उपलब्ध रहेगी। सूची का कार्यालय समय में कोई भी व्यक्ति अवलोकन कर सकता है। बताया गया है कि वार्ड के होने वाले उपचुनाव में कुल 817 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। गत चार साल पूर्व कुल 711 मतदाता थे। यानी बीते चार साल में 106 मतदाता बढ़े। मालूम हो कि गत चार माह पूर्व 23 जनवरी को वार्ड के भाजपाई पार्षद जीवन चंद महावर का आकस्मिक निधन हो गया था। लिहाजा निर्वाचन विभाग ने वार्ड में उपचुनाव कराने की तैयारियां शुरू कर दी है। हालांकि, अभी तक चुनाव की तिथि घोषित नहीं की गई है। लेकिन माना जा रहा कि अगले एक माह के भीतर उपचुनाव कराए जाएंगे।