शोभायात्रा के साथ भागवत कथा शुरू
पुष्कर|सदाशिव पेट (हैदराबाद) व मोरेड़ मकराना के मूंदड़ा परिवार की ओर से पुष्कर स्थित माहेश्वरी सेवा सदन में श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह बुधवार से शुरू हुआ। कथा के शुभारंभ पर जोधपुर के कथा वाचक महंत परमहंस रामप्रसाद महाराज के सानिध्य में भागवत पुराण की शोभा व कलश यात्रा निकाली गई। परशुराम द्वारे से गाजे-बाजे के साथ आरंभ हुई यात्रा में आयोजक परिवार के सदस्य श्रीमद् भागवत पुराण को अपने सिर पर रखकर आगे आगे चल रहे थे। कथा के पहले दिन व्यास पीठ से कथा वाचक ने पुरुषोत्तम मास में कथा के आयोजन व श्रवण के महत्व पर प्रकाश डाला। पुष्कर तीर्थ में कथा के महत्व पर प्रकाश डाला। इस दौरान रामदेव, सत्यनारायण, कलावती, बालमुकुंद, कंचन आदि ने कथा वाचक का अभिनंदन किया। गुरुवार को वराह अवतार और ध्रुव चरित्र की कथा होगी। कथा वाचक 22 मई तक प्रतिदिन सुबह 9 से 12 बजे व दोपहर 3 से 6 बजे तक भक्तों को कथा का रसपान कराएंगे।