सीवेज पंपिंग स्टेशन बना स्वास्थ्य के लिए खतरा
पुष्कर के गुरुद्वारे के पास स्थित सीवेज के पंपिंग स्टेशन से क्षेत्रवासियों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है। पूरा क्षेत्र पिछले लंबे अरसे से दुर्गंध से परेशान है।
गुरुद्वारा बस स्टैंड, पंचकुंड, रामधाम, पाराशर कॉलोनी, आईडीएसएमटी कॉलोनी समेत विभिन्न कॉलोनियों के गंदे पानी की निकासी के लिए गुरुद्वारे के पास मुख्य सड़क के किनारे सीवेज का पंपिंग स्टेशन बनाया गया है। स्टेशन के आस-पास काफी मकान बने हुए हैं। इन घरों में दिनभर सीवरेज के गंदे पानी की दुर्गंध आती रहती है। पहले तो आए दिन गंदा पानी ओवर फ्लो होकर मुख्य सड़क पर फैलता था तथा कई बार लोगों के घरों में चला जाता था। लोगों में बढ़ते आक्रोश के बाद पिछले कुछ महीने पूर्व पंपिंग स्टेशन को अपडेट कर नए पंप लगाए गए तथा बिजली बंद होने की स्थिति में उच्च क्षमता का जेनरेटर भी लगाया गया। जिससे मुख्य मार्ग पर फैलने वाले गंदे पानी से तो क्षेत्रवासियों के साथ-साथ सरोवर की परिक्रमा लगाने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिली है। लेकिन पंपिंग स्टेशन से फैलने वाली दुर्गंध से क्षेत्रवासी काफी परेशान है।
पंपिंग स्टेशन के पास रहने वाले महावीर प्रसाद झांकल ने बताया कि पंपिंग स्टेशन से दिन-रात दुर्गंध फैलती है। दुर्गंध के कारण क्षेत्र का पूरा वातावरण दूषित रहता है। जिससे उन्हें न केवल परेशान होना पड़ रहा है, बल्कि जीना भी दुर्भर हो रखा है। पंपिंग स्टेशन के सामने रहने वाले शंकर सरदार ने बताया कि गंदे पानी के कारण उन्हें खासा परेशान होना पड़ रहा है।
सीवेज पंपिंग स्टेशन से दिन-रात दुर्गंध फैलती है।