पुटकी | पुटकी-परसिया सड़क टोला में मंगलवार की देर शाम तीन सगे भाइयों के बीच मामूली-सी विवाद को लेकर हुई जमकर मारपीट में तीन लोगों का सर फट गया। वहीं एक का पैर जख्मी हो गया है। मारपीट में दोनों पक्षों की ओर से इंट-पत्थर का इस्तेमाल किया गया है। मारपीट में घायल हुए तीरथ गोस्वामी ने अपने भतीजे पर शराब पीकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। वहीं सुबोध गोस्वामी ने अपने बेटे की शादी में मिली बाइक को घर की गली में लगाने को लेकर हुए विवाद बताते हुए अपने दो छोटे भाईयों पर मारपीट करने का आरोप लगा रहा है। जख्मी हुए लोगों में दोनों पक्षों में तीरथ गोस्वामी, सुबोध गोस्वामी, पप्पू गोस्वामी, छोटू गोस्वामी तथा चोटिल हुए लोगों में सरिता कुमारी, विमला देवी, शर्मिला देवी, शीतू देवी, प्रिया कुमारी, निशा कुमारी शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज पुटकी बाजार स्थित निजी नर्सिंग होम चल रहा है। मामले में किसी भी पक्ष की ओर से इस संबंध में थाने शिकायत नहीं की गई है।