पावर हाऊस में शनिवार को 66 केवी का बड़ा ट्रांसफार्मर खराब हो गया था, इसकी मरम्मत के लिए बिजली निगम के अधिकारी अब हरकत में आए हैं। निगम की ओर से खराब हुए ट्रांसफार्मर को बदलने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। निगम के एक्सईएन जसदेव सिंह सरवारा ने दावा किया कि खराब हो चुके ट्रांसफार्मर को अगले दस दिनों तक बदल दिया जाएगा। इस काम के लिए लेबर का टैंडर कर दिया गया है। वहीं 66 केवी के नए ट्रांसफार्मर का इंतजाम भी कर दिया गया है। 28 मई तक नया ट्रांसफार्मर लगा दिया जाएगा। तब तक इस ट्रांसफार्मर से जुड़े छह फीडरों को दूसरे ट्रांसफार्मर से काट-काटकर बिजली की आपूर्ति दी जाएगी। वहीं इस मामले पर भाकियू की ओर से जिला प्रधान संजू गुन्दियाना ने कहा कि मामले को लेकर किसान शुक्रवार को रादौर में बिजली निगम के अधिकारियों से मिलेंगे। यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो किसान आंदोलन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे। उल्लेखनीय है कि बिजली सब स्टेशन रादौर में तीन बड़े ट्रांसफार्मर है, जिनमें से एक ट्रांसफार्मर शनिवार को जल गया था। करीब पांच करोड़ की लागत के इस ट्रांसफार्मर के खराब होने से 6 बिजली के फीडरों पर चल रहे 20 से अधिक गांव की बिजली आपूर्ति पर विपरीत असर पड़ा है।
साढौरा | क्षेत्र में बिजली के कटों के कारण गर्मी के सीजन में गांव वासियों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों सतपाल, रामकुमार व नरेश ने बताया कि दस दिन पहले तूफान आने के बाद से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित है। ग्रामीण प्रेम सैनी, रोहित व चमन ने कहा कि बिजली गुल रहने से बिजली पर आधारित छोटे कामकाज ठप होकर रह गए हैं।
बिजली कटोती से आम जन को हो रही है परेशानी