नहरी विभाग की लापरवाही के कारण आवर्धन नहर की कच्ची पटरी खस्ता हालत में पहुंच गई है। विभाग द्वारा कच्ची पटरी को लंबे समय से ठीक नहीं किया गया है। जिस कारण आज पटरी पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। जिन पर चलना मुश्किल हो गया है। लंबे समय से क्षेत्र के लोग नहर की पटरी को ठीक किए जाने की मांग करते आ रहे हैं। लेकिन नहरी विभाग के अधिकारी आंख मूंदकर बैठे हुए हैं।
गड्ढों से भरी कच्ची पटरी पर वाहन चलाना जनता के लिए मुश्किल हो गया है। गांव पालेवाला निवासी मनोज राणा, पवन राणा, संजीव राणा, बलवान सिंह आदि ने बताया कि आवर्धन नहर के दोनों ओर चलने के लिए कच्ची पटरी बनाई गई हैं। लंबे समय से पटरी की देखरेख नहीं की जा रही है। वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से प्रधान कर्मवीर खुर्दबन ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर आवर्धन नहर की कच्ची पटरी को ठीक करवाने की मांग की है। इस बारे नहरी विभाग के जेई अरुण कुमार ने बताया कि आवर्धन नहर की पटरी को ठीक करने के लिए मनरेगा स्कीम के तहत जल्द कार्य करवाया जाएगा। पटरी पर बने गड्ढों को ठीक किया जाएगा। जल्द कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
रादौर | आवर्धन नहर की खस्ता हाल पटरी।