धौड़ंग पैक्स केंद्र के बाहर लोगों ने भूसे के कूप व गुहारे बनाकर अवैध कब्जे कर लिए हैं। पैक्स कार्यालय की चार दीवारी भी जगह-जगह से टूटी हुई है। लंबे समय से पैक्स के परिसर की सफाई तक नहीं हुई है। सुरक्षा को लेकर न तो सीसीटीवी कैमरे हैं और न ही कोई चौकीदार है। दो बार इस पैक्स केंद्र में चोरी की घटना हो चुकी है।
किसान नेता सुभाष धौड़ंग, सतनाम सिंह पूर्व सरपंच, रविंद्र गुर्जर, सीताराम, वेदपाल, सुरेश कांबोज, जयकुमार, पवन कुमार ने बताया कि पैक्स केन्द्र से दामला, दुधला, दुधली, रतनगढ़, धौड़ंग, कुंजल जाटान, कुंजल कंबोयान, हाफिजपुर, रेतगढ़, दौलतपुर जुड़े हुए हैं। पैक्स केंद्र की दीवार पांच जगह से तीन वर्षों से टूटी हुई है। किसानों को कार्यालय में खड़े होकर अपने काम करवाने पड़ते हैं। कार्यालय में मात्र चार से पांच कुर्सियां हैं। पैक्स केन्द्र परिसर का रास्ता कच्चा है और बरसाती पानी जमा होने से दिक्कत बढ़ जाती है। पैक्स केंद्र धौड़ंग के प्रबंधक पवन सिंह श्योराण का कहना है कि इन समस्याओं को लेकर अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है।
रादौर | पैक्स केन्द्र धौडंग परिसर की टूटी दीवार।