रघुनाथपुर हीरापुर में दूर खेत से पानी भरकर लाती महिलाएं।
किन्नपुरा एवं हीरापुरा में सभी हैंडपंप सूखने से जल संकट
भास्कर संवाददाता | रघुनाथपुर
विजयपुर विकास खंड के ग्राम किन्नपुरा और हीरापुरा में सभी हैंडपंप खराब होने से पेयजल समस्या गहरा गई है। ग्रामीणों ने पीएचई विभाग के कंट्रोल रूम पर गत शुक्रवार को शिकायत दर्ज कराई थी। ग्रामीणों ने सब इंजीनियर से भी हैंडपंप सुधरवाने की गुहार लगाई , लेकिन एक सप्ताह बाद भी ग्रामवासी हैंडपंप टेक्नीशियन के आने का इंतजार कर रहे हैं। गांव में बसी करीब डेढ़ हजार आबादी को पीने के पानी एक किमी दूर निजी बोर लाना पड़ रहा हैं। जबकि मवेशियों को पानी पिलाने के लिए चंबल नदी पर ले जाते हैं। विभागीय लापरवाही से ग्रामीणों को भरी गर्मी में पानी के लिए पसीना बहाना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार ग्राम किन्नपुरा में 900 आबादी पर पांच हैंडपंप लगे हैं। तीन हैंडपंप कई माह से बंद पड़े हैं। पिछले माह दो हैंडपंपों से भी पानी निकलना बंद हो गया। ग्रामवासियों को एक किमी दूर पंजाबी टपरे पर निजी बोर से पानी भरकर लाना पड़ रहा है। ग्राम हीरापुर स्थित हरिजन मोहल्ले में स्कीम बोर बंद हैं। दोनों हैंडपंप भी खराब होने से 50 परिवार पानी के लिए परेशान हैं। रिझेटा पंचायत क्षेत्र के माधोकापुरा गांव में चार में से एक भी हैंडपंप वर्तमान में चालू नहीं हैं। स्थानीय निवासी राधेश्याम रावत, हुकुम रावत, हरबिलास जाटव, प्रकाश जाटव, शिवनारायण जाटव, प्रभू बंजारा, अजय सिंह ने बताया कि हैंडपंप खराब होने के बारे में सूचना पीएचई विभाग के कंट्रोल पर दिए आठ दिन बीत चुके हैं। लेकिन आज तक विभाग का कोई नुमाइंदा गांव में नहीं पहुंचा है।