रंजिश के चलते सात बदमाशों ने शुक्रवार देर रात अनाज मंडी में काम करने वाले युवक की चाकू मार कर हत्या कर दी। हत्यारों ने बीच-बचाव करनेे आए रवि के पिता पर भी चाकू से हमला कर दिया। लोगों ने घायल पिता -पुत्र को नागरिक अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। अस्पताल में उपचार के दौरान रवि की मौत होे गई।
शनिवार सुबह मृतक रवि के परिजनों ने उसके शव को शिव चौक के पास ले जाकर रोड जाम करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया। पुलिस ने मृतक के भाई शिव कुमार उर्फ शिवा के बयान पर 7 लोगों पर हत्या का केस दर्ज किया है। एसपी हामिद अख्तर ने पुलिस बल समेत मौके पर पहुंच स्थिति का जायजा लिया। मृतक भाई शिव कुमार उर्फ शिवा के मुताबिक उसके भाई को हत्यारों की ओर से फेसबुक और मोबाइल के जरिए धमकियां भी दी जाती रही हैं और दो महीने पहले बदमाशों ने उसके छोटे भाई कालू पर भी हमला किया था। हमले में लगी चोट से कालू के दिमाग की नस भी फट गई, जिससे वह अभी तक असंतुलित है।
राई में थप्पड़ का बदला लेने के लिए की थी सोनू की हत्या
राई | असावरपुर गांव के कम्यूनिटी सेंटर के सामने शुक्रवार सुबह छह बजे खेवड़ा गांव के जिस सोनू की चाकू मारकर हत्या की गई थी, उसकी प्लानिंग हत्यारोपी एक महीने से कर रहा था। एक महीना पहले दोनों में झगड़ा हुआ था और मृतक सोनू ने राहुल को थप्पड़ मार दिया था। इसी थप्पड़ का बदला लेने के लिए ही उसने सोनू की हत्या कर दी। पुलिस ने हत्यारोपी राई गांव निवासी राहुल को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया। पुलिस ने हत्या के समय प्रयोग किए गए चाकू को भी बरामद कर लिया है।
असावरपुर गांव के कम्यूनिटी सेंटर के सामने शुक्रवार सुबह महिलाएं कुड़ा करकट डालने के लिए आई हुई थी। इस बीच बाइक चालक की चाकू से हत्या की थी। हत्यारोपी ने अपनी चचेरी बहन के साथ मौके से भागने का प्रयास किया तो गांव की महिलाओं ने दोनों पर पत्थर बरसा दिए। जिस कारण दोनों रुक गए और महिलाओं ने उन्हें पकड़ लिया। हत्यारोपी की पहचान राई गांव निवासी राहुल के रूप में हुई थी। पुलिस पूछताछ में राहुल ने बताया कि उसकी सोनू के साथ दाेस्ती थी। सोनू के साथ एक महीना पहले लड़ाई हो गई थी। सोनू ने उसे थप्पड़ मार दिया था। वह इसी का बदला लेने की फिराक में था। शुक्रवार सुबह जब वह अपनी चचेरी बहन के साथ दिल्ली जा रहा था तो उसे सोनू दिखाई दिया था। आरोपी ने दिखते ही वारदात को अंजाम दिया।