भास्कर न्यूज | जगदलपुर/बीजापुर
बीजापुर जिले के भैरमगढ़ थाने में तैनात डीआरजी के जवानों ने 26 बारातियों को पूछताछ के नाम पर दो दिनों से थाने में बिठाकर रखा है। सामाजिक कार्यकर्ता हिमांशु कुमार ने इसका खुलासा करते हुए फेसबुक पर एक पोस्ट डाली है। हिमांशु के मुताबिक फुलोड़ गांव से बारात गदापाल गई थी। शुक्रवार को विदाई के बाद लौटते वक्त भैरमगढ़ थाने में दूल्हा-दुल्हन और बारातियों को रोक लिया गया। कुछ घंटे बाद दूल्हा-दुल्हन को तो छोड़ दिया गया है, लेकिन 26 बारातियाें को नहीं छोड़ा गया है। इनमें 8 लड़कियां भी हैं, उन्हें भी रातभर थाने में ही बिठाए रखा गया है। आरोप है कि इस दौरान वहां महिला पुलिसकर्मी भी नहीं थीं।
अब बीजापुर थाने लाए गए सभी बाराती
इधर हिमांशु की पोस्ट के बाद भास्कर ने भैरमगढ़ से लेकर बीजापुर तक इस मामले की पड़ताल कराई। भास्कर टीम को बारातियों के पकड़े जाने की पुष्टि तो नहीं हो सकी लेकिन इतनी खबर जरूर मिली कि भैरमगढ़ से डीआरजी ने कुछ लोगों को पकड़ा है जिन्हें बीजापुर थाने में रखा गया है। हालांकि जब बीजापुर एसपी मोहित गर्ग से इस बारे में पूछा गया तो उनका कहना था कि ऐसी कोई जानकारी उनके पास नहीं है। आईजी विवेकानंद सिन्हा ने कहा कि कई बार पूछताछ के लिए लोगों को रोका जाता है लेकिन अभी ऐसा मामला उनकी जानकारी में नहीं आया है। उन्होंने अफसरों से बात करने का भरोसा दिया।