भास्कर न्यूज | राजधानी हरियाणा
सिविल जूनियर इंजीनियर परीक्षा में हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा ब्राह्मणों से जुड़ा विवादित सवाल पूछे जाने की जांच पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के रिटायर्ड न्यायाधीश दर्शन सिंह कर सकते हैैं। इस मामले में हरियाणा के एडवोकेट जनरल बलदेव राज महाजन ने राज्य सरकार को अपनी राय से अवगत करा दिया है।
एजी बलदेव राज महाजन ने सरकार से कहा कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की कार्य प्रणाली की जांच यदि कोई अधिकारी करेगा तो ऐसे में विवाद की स्थिति पैदा हो सकती है, इसलिए पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज से पूरे मामले की जांच कराई जा सकती है। एडवोकेट जनरल ने सेवानिवृत्त हुए रिटायर्ड जज दर्शन सिंह का नाम सरकार को सुझाया है। क्योंकि जस्टिस दर्शन सिंह हाल ही में रिटायर हुए हैैं, उन्हें जांच अधिकारी बनाया जा सकता है।
राज्य सरकार की जांच और एफआईआर साथ-साथ चलेंगी। प्रदेश सरकार ब्राह्मण संगठनों के माध्यम से यह एफआईआर जींद व पंचकूला में दर्ज करा सकती है।
नया चेयरमैन बनाने
की प्रक्रिया तेज
सीएम पहले ही कह चुके हैं जब तक जांच चलेगी, तब तक कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन सस्पेंड रहेंगे। ऐसे में कार्यवाहक चेयरमैन बनाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। देर शाम तक कई नाम सामने आए, लेकिन अंतिम फैसला सीएम को लेना है। आयोग के मौजूदा सदस्यों में से कमान सौंपी जा सकती है।