राजधानी हरियाणा | पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री से मिलने कोई नहीं जाता है। इसलिए उनका खर्चा नहीं होता। उन्होंने कहा कि वे भी अपना खर्च खुद उठाते थे। पूर्व सीएम हुड्डा ने रविवार को बातचीत में सीएम मनोहर लाल पर चुटकी लेते हुए कहा कि खिलाड़ियों का अपमान करने वाले अब गिल्ली-डंडा ही खेलेंगे। कांग्रेस की सरकार बनने पर खिलाड़ियों को पुरानी नीति के तहत ही पुरस्कार देंगे और नौकरियां भी देंगे, जो पुलिस में भी नौकरियां दी, वह कैबिनेट की अप्रूवल से दी। शहर में सफाई नहीं हो रही। स्वच्छ भारत अभियान में फोटो खिंचवाने वाले अब नहीं दिख रहे। वहीं, कहा कि ढींगरा आयोग की रिपोर्ट में कुछ नहीं है। ब्राह्मणों पर विवादित सवाल के मामले में कहा कि चेयरमैन को ही बलि का बकरा बनाया है।
इनेलो का जेल भराे नहीं, बस भरो आंदोलन : पूर्व सीएम हुड्डा ने एसवाईएल के मामले में इनेलो को भी निशाने पर लिया। हुड्डा ने एक सवाल के जवाब में कहा कि इनेलो का जेल भराे आंदोलन नहीं, बस भरो आंदोलन है। यदि वे जेल जाएं तो उनसे मिलकर भी आऊंगा। पहले भी एसवाईएल खोदने गए थे, लेकिन सड़क खुरच कर आ गए।
विदेश दौरे पर श्वेत पत्र लाएं : अभय
राजधानी हरियाणा | नेता प्रतिपक्ष और इनेलो के वरिष्ठ नेता अभय चौटाला ने सीएम के विदेश दौरे और मंत्रियों को दी जाने वाली ग्रांट पर सवाल उठाए। चौटाला रविवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। अभय ने कहा कि मुख्यमंत्री ने 7 बार विदेश यात्रा की है, जिसका उन्हें श्वेतपत्र जारी कर जनता को बताना चाहिए कि कितनी राशि का निवेश आया, कितनों लोगों को रोजगार मिला और प्रदेश का कितना विकास हुआ। सीएम पर विदेश में मौज मस्ती करने का आरोप लगाया है। चौटाला ने कहा कि मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि मुसलमान खुले में नमाज नहीं पढ़ सकते। यह भी थोप सकते हैं कि सभी दीनदयाल को ही भगवान मानें। ये कावड़ भी बंद कर सकते हैं। आरोप लगाया कि सीएम ने मुद्दों से भटकाने के लिए खुद इंजीनियर की परीक्षा में ब्राह्मण समाज पर यह टिप्पणी कराई।
आंदोलन के आखिरी जिले में जेल से बाहर नहीं आएंगे वर्कर
अभय ने हुड्डा को जवाब देते हुए कहा कि जेल भरो आंदोलन जिस दिन आखिरी जिले में होगा, वहां गिरफ्तारी देने बाद जब तक नहर का निर्माण नहीं होता तब तक जेल से बाहर कोई कार्यकर्ता नहीं आएगा। चौटाला ने कहा कि हुड्डा एक बार बस में बैठकर तो दिखाए।