हिंसा बंद करो, वरना गठबंधन सरकार से बाहर कर देंगे: बिप्लब देब
हिंसा बंद करो, वरना गठबंधन सरकार से बाहर कर देंगे: बिप्लब देब
एजेंसी| अगरतला
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब देब ने गठबंधन सहयोगी आईपीएफटी को सरकार से बाहर करने की चेतावनी दी है। दरअसल, सरकार में शामिल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और इंडिजीनस पीपुल्स आॅफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) के कार्यकर्ताओं के बीच पिछले तीन हफ्तों से झड़प चल रही है। हाल ही में धलाई जिले में लोंगतराई घाटी स्थित चाउमानु में हुई झड़प में दोनों पक्षों के 23 लोग घायल हो गए थे। सूत्रों के मुताबिक देब ने आईपीएफटी प्रमुख और राजस्व मंत्री एनसी देबबर्मा से राज्य में हिंसा और प्रदर्शन बंद करने और स्थिति सामान्य करने को कहा है। ऐसा न करने पर देब ने उन्हें सरकार से बाहर करने की चेतावनी दी है। आईपीएफटी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को चंपाहोवर पुलिस स्टेशन पर हमला कर दिया था। इसके अलावा लेफुंगा, किल्ला, कारबोक, कंधाचेरा, हेजामारा जैसी कई जगहों पर रोड जाम कर दिया था। देब ने पुलिस को भी स्थिति नियंत्रित करने के निर्देश दिए हैं।