शहर के हर वार्ड में निगम खोलेगी राशन दुकान, अभी दो-तीन वार्ड के लिए एक ही दुकान है
रायगढ़ | निगम द्वारा अपनी आय बढ़ाने और शहर के लोगों को सुविधा देने के लिए शहर के हर वार्ड में स्वयं की पीडीएस दुकान बनाने वाली है। इस दुकान का फायदा उन लोगों को मिलेगा जिन्हें वार्ड में दुकान न होने के कारण राशन लेने दूसरे वार्ड जाना पड़ता है। दुकानों का निर्माण होने के बाद निगम इन दुकानों को खाद्य विभाग को किराए में देगा। इससे निगम को किराया के रूप में राजस्व मिलेगा। पीडीएस दुकान हर वार्ड में होना है, लेकिन रायगढ़ शहर में यह स्थिति नहीं है। वर्तमान में कहीं पर दो वार्ड के लिए एक दुकान तो कहीं पर तीन वार्डों पर एक पीडीएस की दुकान संचालित हो रही है। दरअसल, खाद्य विभाग को किराए पर दुकान नहीं मिलने की वजह से यह स्थिति है। निगम के अफसरों ने बताया कि नगरीय निकाय एवं प्रशासन विकास विभाग द्वारा निगम को स्वयं की आय बढ़ाने के लिए स्त्रोत ढूंढने कहा गया है। निगम दुकान बना कर अपनी आय बढ़ाने का एक जरिया ढूंढा है। इससे निगम को जहां अतिरिक्त आय मिलेगी। वहीं दूसरे वार्डों में राशन लेने जाने से छुटकारा मिलेगा। कई वार्डों में राशन की गड़बड़ी भी इससे रुकेगी। घर से बहुत दूर पीडीएस दुकान होने पर लोग राशन लेने नहीं जाते थे। उनके हिस्से के राशन में हेर फेर होती थी।