गांव से लौटने पर चोरी का पता चला।
भास्कर न्यूज | रायगढ़
दीनदयाल कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़ घर में रखे नगदी और सोने चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। गांव से वापस लौटने के बाद जब इस बात की जानकारी मकान मालिक को लगी तो चक्रधर नगर थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ जुर्म कराया गया है।
पुलिस के अनुसार 46 वर्षीय विनोद पांडेय थाना चक्रधर नगर क्षेत्र दीनदयाल पुरम कॉलोनी के ईडब्ल्यूएस 40 नंबर क्वार्टर में रहता है। रायगढ़ में वह मार्केटिंग का काम करता है, 13 मई की सुबह 5 बजे विनोद घर में ताला लगाकर परिवार सहित बिलासपुर गया था। 17 मई की सुबह साढ़े 10 बजे पड़ोसी यशोमती साहू ने फोन पर यह सूचना दी कि मकान के दरवाजे का ताला टूटे होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही सभी वापस लौटे और आकर देखा तो घर के सामने व अंदर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था । आलमारी का लॉकर व दरवाजा खुला था। कपड़े अस्त-व्यस्त पड़े थे। आलमारी में रख नगदी और आभूषण भी गायब थे। पुलिस के अनुसार कुल चोरी गए सामान की कीमत 31 हजार रुपए है। बहरहाल पुलिस ने चोरों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है।