रायगढ़ | प्रदेश किसान कांग्रेस उपाध्यक्ष व जिपं सदस्य प्रकाश नायक ने आरोप लगाया है कि फसल बीमा के नाम पर लूट हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 21 जिलों के 91 तहसीलों के किसानों को फसल बीमा में उनकी लागत के हिसाब से भुगतान होना था पर कई कंपनियां 92 पैसा, 58 पैसा तो रायगढ़ में 5 और 7 रुपए तक बीमा क्लेम दे रहीं हैं। यह किसानों के साथ धोखा और उनका अपमान करना है। केंद्र व प्रदेश की बीजेपी सरकार पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार किसानों से जबरन बीमा करवा रही है। किसानों से बीमा के नाम पर हर साल करोड़ों रुपए लिए जा रहे हैं। सरकार किसानों को बीमा के नाम पर कंपनियों को लाभ पहुंचा रही है।