10 दुकानों के लिए चार साल में 2 बार टेंडर हुआ।
भास्कर न्यूज | रायगढ़
ट्रांसपोर्ट नगर की 10 दुकानों को बेचने के लिए पिछले चार साल में निगम दो बार टेंडर जारी कर चुका है, लेकिन इसमें लोगों ने रूचि नहीं दिखाई। अब तीसरी बार इन दुकानों के लिए निगम ने टेंडर जारी किया है। एक तरफ निगम की दुकानें खंडहर हो चुकी है तो दूसरी ओर ने निगम ने लागत बढ़ाते हुए 12 लाख की कीमत आंकी है।
तात्कालीन कलेक्टर अमित कटारिया के कार्यकाल में शहर के जूट मिल से बस स्टैंड को हटाकर ट्रांसपोर्ट नगर को आबाद करने के लिए करोड़ों रुपए खर्च कर व्यवस्थित करने की प्लानिंग शुरू हुई थी। बस स्टैंड का जगह तो बदल गया पर नगर निगम उसे पूरी तरह से बसा नहीं पा रही है। शहर से ट्रांसपोर्टरों व व्यवसायियों को शिफ्ट करने एवं भीड़-भाड़ वाले इलाके में पार्किंग व्यवस्था बनाए रखने के लिए ट्रांसपोर्टनगर के आसपास दुकानें बनाई गई थी। निगम ने अलग अलग साल में यहां के लिए दुकानों का निर्माण किया गया था और इसकी नीलामी के लिए टेंडर जारी किया था पर इसके बाद भी खरीदार सामने नहीं आए थे और अब शेष 10 दुकानों के लिए निगम ने फिर से निविदा मंगाई है।