पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Chhattisgarh
  • Raigarh
  • सीएम शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के 90 हजार पट्‌टे बांटेंगे

सीएम शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के 90 हजार पट्‌टे बांटेंगे

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सालभर पहले सर्वे के बाद ग्रामीण व शहरी क्षेत्र के करीब 1 लाख परिवारों के लिए आबादी पट्टा तैयार कर लिया गया था, लेकिन प्रशासन ने इसे लोगों को वितरित नहीं किया। अब विकास यात्रा के दौरान पट्टा वितरण की तैयारी है। हालांकि भू अभिलेख विभाग के अफसर इस बात की पुष्टि नहीं कर रहे हैं। उनका कहना है कि पट्टे तैयार हैं, निर्देश मिलने के बाद ही वे वितरण करेंगे।

आबादी पट्टा उन लोगों को दिया जाएगा जो वर्षों से सरकारी जमीन पर काबिज है लेकिन उनके पास उस जमीन को लेकर कोई अधिकार प्राप्त नहीं है। यानी वे जमीन पर मकान बनाकर रह रहे हैं लेकिन उनके पास इस बात का प्रमाण नहीं है कि वे वहां रहते हैं। इस बात को गंभीरता से लेते हुए राज्य शासन ने ऐसे सभी परिवारों को पट्टा देने का निर्णय लिया। आबादी सर्वे को लेकर तीन वर्षों से प्रक्रिया चल रही है। तहसीलदारों को अपने-अपने क्षेत्र का सर्वे कर रिपोर्ट देने कहा गया। जिले की नौ तहसीलों के 1485 गांवों में से 1298 में सर्वे कर 86 हजार 773 लोगों और निगम के 48 वार्डों के साथ ही नगर पंचायत व नगर पालिकाओं में 4 हजार 865 लोगों का चयन किया गया। पिछले साल से पट्टा तैयार किया गया है, लेकिन बांटे नहीं गए। 27 मई को मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह विकास यात्रा के लिए रायगढ़ पहुंच रहे हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री उज्ज्वला कनेक्शन, बीज के मिनी किट, कृषि यंत्र, राशन कार्ड के साथ ही आबादी पट्टा भी दिया जाएगा। यात्रा के दौरान जनप्रतिनिधि आबादी पट्टों का वितरण करेंगे।

विकास यात्रा

भू अभिलेख विभाग के पास पट्‌टे हैं तैयार, अफसरों को बांटने के लिए बस आदेश का है इंतजार

वोट बैंक के लिए साल भर से लटकाए रहे

आबादी पट्टा बांटने की बात पिछले साल से हो रही है। सरकार ने ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में आबादी पट्टा देने की घोषणा पिछले बजट में की थी। आबादी पट्टा का सर्वे का पूरा काम रेवेन्यू डिपार्टमेंट ने पिछले साल ही पूरा कर लिया। इसके बाद सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में 25 नवंबर 2017 और शहरी क्षेत्रों के गांव की आबादी में 25 जनवरी 2018 से पट्टा बांटने फैसला किया, लेकिन बांटे नहीं गए। अब कुछ महीने बाद विधानसभा फिर लोकसभा चुनाव है। ऐसे में वोट बैंक के लिए विकास यात्रा के दौरान सीएम व जनप्रतिनिधि आबादी पट्टा ग्रामीण व नगरीय निकाय क्षेत्र में बांट कर सरकार एक और लोगों के बीच अपनी उपलब्धि गिनाएगी।

क्या है नजूल भूमि, जानिए पट्टे की उपयोगिता

किसी भी सरकारी जमीन पर जब किसी परिवार को आवास बनाकर रहने की अनुमति दी जाती है तब उसे दस्तावेज दिए जाते हैं। इसे ही नजूल पट्टा कहा जाता है। इस पट्टे की समय सीमा होती है। कुछ रकम की अदायगी के बाद नवीनीकरण होता है। पट्टा से बैंक लोन ले सकते हैं। अन्य कार्यों में भी पट्टा उपयोगी है।

जानिए कहां कितना

पट्टा दिया जाएगा

तहसील शहरी ग्रामीण

रायगढ़ 1221 8983

पुसौर 453 11291

खरसिया 385 9308

सारंगढ़ 453 13246

बरमकेला 895 12845

घरघोड़ा 822 8397

लैलूंगा 486 10099

तमनार 00 9462

धरमजयगढ़ 39 3578

खबरें और भी हैं...