कट्टा लेकर मास्क लगाए ट्रेन में कर रहा था सफर
शनिवार की शाम पैसेंजर ट्रेन में आरपीएफ की टास्क टीम ने एक युवक को देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस के साथ पकड़ा और जेल भेज दिया। बदमाश ने क्लोरोफार्म भी रखा हुआ था। टाटा इतवारी पैसेंजर ट्रेन में मास्क लगाकर सफर कर रहे आरोपी को संदिग्ध मानकर आरपीएफ के जवानों ने पूछताछ की। युवक जवानों से भिड़ गया।
जांच में उसकी जेब से हथियार व केमिकल मिले। जीआरपी ने युवक पर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करके जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार शनिवार की शाम आरपीएफ टास्क टीम पैसेंजर ट्रेन में सफर कर रही थी। ट्रेन में एक युवक विवेक कुमार उर्फ विक्की गजभिए 26 वर्ष मुंह में मास्क लगाकर सफर कर रहा था। शक होने पर आरपीएफ की टीम ने उससे पूछताछ शुरू की।
जब युवक को आरपीएफ जवानों ने पकड़ा तो उसने एक जवान को दांत से काट भी दिया। किसी तरह आरपीएफ की टीम ने उसे कंट्रोल किया और उसके जेब से कारतूस से लोडेड एक देसी कट्टा निकाला। आरोपी के पास से मिली बंदूक 315 बोर का डबल राउंड देसी कट्टा है, जिसमें पहले कारतूस लोड थी।
यदि टास्क टीम सतर्क नहीं होती तो वह हड़बड़ाकर गोली भी चला सकता था। आरोपी ने बताया कि वह राजनांदगांव का रहने वाला है और खरसिया के भालूकोना में एक प्लांट में गार्ड है। आरोपी को हिरासत लेने में आरपीएफ टास्क टीम वन से प्रभारी बी लेंबो, हेड कांस्टेबल एच के विश्वकर्मा, आरक्षक ए किशोर थे, जिन्होंने आरोपी को पकड़कर जीआरपी के हवाले किया।
लोडेड कट्टा जिसको लेकर कर रहा था सफर।
5 साल पहले झारसुगुड़ा से खरीदी थी बंदूक
आरोपी ने 5 साल पहले बंदूक को झारसुगुड़ा से खरीदा था, लेकिन किसके पास से खरीदी थी। यह नहीं बता पाया। पुलिस के मन में सवाल यह उठ रहा है कि 5 साल से बंदूक को उसने किस मकसद से खरीद कर रखा था और क्यों। पुलिस ने पूछताछ की काफी कोशिश की लेकिन वह कुछ भी नहीं बता पाया।