स्वच्छता के लिए शौचालय का उपयोग सौ फीसदी करना ही होगा: विधायक
ग्राम स्वराज अभियान के तहत स्वच्छ भारत दिवस पर विधायक रोशन लाल अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में पॉलीटेक्निक ऑडिटोरियम रायगढ़ में कोटवारों के एक दिवसीय स्वच्छता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक श्री अग्रवाल ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शपथ लेने के बाद सबसे पहले स्वच्छता का संदेश दिया था। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई होने से आधी बीमारी खत्म हो जाती है। हम सभी का दायित्व है कि शौचालय का उपयोग करें और गंदगी से दूर रहे। घर-घर में शौचालय का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज में कोटवारों का महत्वपूर्ण स्थान है उन्होंने कहा कि कोटवारों के सहयोग से ही सारे कार्य पूर्ण होते है। उन्होंने कहा कि गांव के सभी व्यक्ति कोटवारों को जानते है। कोटवारों का दायित्व है कि खुले में शौच जाने वाले ग्रामवासियों को समझाएं और उनसे चर्चा करें।
प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि रायगढ़ एवं पुसौर के कोटवारों का यह सम्मेलन बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि स्वयं की स्वच्छता ही स्वच्छता है। हम अपनी सफाई एवं आसपास की सफाई करें। हर व्यक्ति अपने कर्तव्य का पालन करता है तो स्वच्छता आती है। उन्होंने कहा कि शौचालय का नाम इज्जतघर रखा गया हैं। उन्होंने कोटवारों से कहा कि शौचालय का उपयोग करने के लिए ग्रामवासियों को प्रेरित करना होगा। इसके साथ ही शौचालय का उपयोग नहीं करने वाले लोगों को जुर्माना लगाया जाना चाहिए। देश भर में ग्राम स्वराज अभियान में प्रभात फेरी, रैली स्वच्छता मतदान का आयोजन किया जा रहा है, ताकि शौचालय का उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।
एसडीएम प्रकाश सर्वे ने कहा कि कोटवार गांव में अधिकारी कहलाते है। आपका दायित्व है गांव को स्वच्छ रखना। राज्य स्वच्छता कार्यालय की राज्य सलाहकार मधुरिमा मसीह ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। देश के लिए अनेक लोगों ने कुर्बानियां दी है। हम सभी का दायित्व है कि स्वच्छता के छोटे-छोटे कार्यों के जरिए देश की सेवा कर सकते है। मोनिका ईजारदार ने कहा कि खुले में शौच जाने की वजह से लगभग 3 लाख बच्चों की मौत हो जाती है। इसे रोकना बेहद जरूरी है। इस मौके पर स्वच्छताग्रही मोनिका ईजारदार सहित अन्य स्वच्छताग्राहियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जनपद सदस्य श्री संतोष चौहान एवं बीडीसी विद्यानंद नायक सहित कोटवार एवं प्रेरक मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन स्वच्छ भारत मिशन के नीमिष साव ने किया।
कार्यक्रम में पुस्तक का विमोचन करते विधायक व अन्य लोग।