डोंगीपानी के बच्चों को सुनील रामदास ने बांटे गिफ्ट
रायगढ़ | रामदास द्रोपदी फाउंडेशन के चेयरमैन सुनील अग्रवाल ने बरमकेला डोंगीपानी के शासकीय प्राइमरी स्कूल के बच्चों से मुलाकात कर गिफ्ट दिए।
उनके साथ लायंस क्लब मिट टाउन के सेक्रेटरी दयानन्द अवस्थी, बरमकेला तहसीलदार राकेश वर्मा, नायब तहसीलदार तारा सिदार और थाना प्रभारी फर्दिनन्द कुजूर भी मौजूद थे। बरमकेला से महज 6 किमी दूर स्थित डोंगीपानी के शासकीय प्राइमरी स्कूल के शिक्षक शशि कुमार बैरागी ने अपनी जिद व छह माह की कड़ी मेहनत से स्कूल के बच्चों को फर्राटेदार अंग्रेजी बोलने, पढ़ने व लिखने के लिए ट्रेंड किया है। सरकारी स्कूल होने की वजह से यहां संसाधनों की कमी है, साथ ही गरीब बच्चों के पास जूता, टाई, बेल्ट सहित अन्य सामग्रियां भी नहीं है। सोमवार की सुबह 11 बजे रामदास द्रोपदी फाउंडेशन के चेयरमैन सुनील रामदास ने बच्चों से मिलने के बाद उनके उज्जवल भविष्य को लेकर स्कूल सामग्री भेंट की ताकि बच्चों के पढ़ाई में किसी तरह की असुविधा न हो और बच्चों का पढ़ाई में इसी तरह से रुझान बना रहे। उन्होंने पठन व उपयोगी सामग्री बांटी। स्कूल में सुविधाओं का टोटा होने के बावजूद अंग्रेजी में दक्ष बनाने वाले शिक्षक शशि कुमार बैरागी का उन्होंने तारीफ करते हुए उनकी जमकर सराहना करते हुए सम्मान किया।