रायगढ़ | महिलाओं व युवतियों के लिए चलती ट्रेनों में
रायगढ़ | महिलाओं व युवतियों के लिए चलती ट्रेनों में महिला बोगियों के अंदर, प्रतीक्षालय में, प्लेटफार्म पर अपनी रक्षा कैसे करें, इसका प्रशिक्षण दिया जाएगा। जीआरपी छत्तीसगढ़ व मितान पुलिस टाइम्स की ओर से रेल गर्जना कार्यक्रम में इसकी जानकारी दी जाएगी। आज रायगढ़ रेलवे स्टेशन में ऑपरेशन रेल गर्जना की टीम रायपुर से पहुंचेगी और स्टेशन में मौजूद महिलाओं व युवतियों को सेल्फ डिफेंस सिखाएगी। जीआरपी टीआई ने बताया कि जीआरपी का सहयोगी सिस्टम कैसे काम करता है? क्या सतर्कता बरतनी चाहिए व आत्मरक्षा की बेसिक तकनीक के साथ पिन, दुपट्टा, चूड़ी और सेफ्टी पिन, क्लिप जैसे साधारण सामानों का अपने बचाव के लिए हथियार के रूप में उपयोग कैसे होता है? सेल्फ डिफेंस एक्सपर्ट हर्षा साहू की टीम व जीआरपी पुलिस की टीम के माध्यम से यह बताया जाएगा। इससे महिलाओं को चलती ट्रेन से लेकर कहीं भी अकेली जाने में आत्मरक्षा करने में मदद मिलेगी और उनका हौसला बुलंद होगा। रेलवे स्टेशनों में कार्यक्रम 14 से 20 मई तक चलाया जा रहा है। प्रदेश के कई बड़े स्टेशनों रायपुर, दुर्ग भिलाई व बिलासपुर जैसे स्टेशनों में यह कार्यक्रम हो चुका है।