माशिमं की बोर्ड परीक्षाओं में फेल हो चुके छात्र-छात्राओं को एक बार फिर से परीक्षा देने का मौका मिलने जा रहा है। क्रेडिट प्लान की इस योजना के तहत 25 मई तक आवेदन दे सकेंगे। 22 जून से 5 जुलाई तक ये परीक्षाएं ली जाएंगी। इसके परिणाम जुलाई के बीच घोषित कर दिया जाएगा।
इससे पहले दो विषयों में फेल होने वाले विद्यार्थियों को पूरक परीक्षा देने की इजाजत थी लेकिन अब चार विषयों में फेल हो चुके विद्यार्थी भी दोबारा एग्जाम दे सकेंगे। क्रेडिट प्लान इस योजना का नाम है जिसे माशिमं ने इसी साल शुरू किया है। इस प्लान को लागू करने का एक उद्देश्य यह भी था कि असफल स्टूडेंट्स का एक साल बर्बाद ना हो। इसके अलावा फेल घोषित किए गए छात्रों को कमजोर विषय के लिए फिर से तैयारी का मौका मिले। जिले के शिक्षा अधिकारी कार्यालय को माशिमं का यह आदेश मिल चुका है। अब इस आदेश को जिले के सभी हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूल तक भेजा जा रहा है। कुछ स्कूलों में आवेदन लेने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।
राहत
25 मई तक लिए जाएंगे आवेदन, 22 जून से होगी परीक्षा, माशिमं ने इसी साल शुरू किया है क्रेडिट प्लान योजना
शाला त्यागी बच्चों में कमी लाने शुरू हुई योजना
जानकारी के अनुसार दसवीं-बारहवीं के बोर्ड परीक्षा में पूरक या अनुत्तीर्ण होने से 20 से 30 फीसदी परीक्षार्थी मनोबल टूटने से पढ़ाई से मुंह मोड़ लेते है। ऐसे में शाला त्यागी विद्यार्थियों में कमी लाने और पढ़ाई के प्रति रूचि लाने के लिए क्रेडिट योजना लाया गया है। योजना का लाभ लेते बोर्ड परीक्षा में फेल हुए स्टूडेंट्स को पास होने और आगे की पढ़ाई जारी रखने में सहुलियत होगी।
जिले में ये स्थिति
12वीं
15027 कुल स्टूडेंट्स
3404 फेल स्टूडेंट्स
प्रक्रिया शुरू. इसके लिए सभी ब्लाकों में फार्म भरने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। अब तक कुल 574 छात्र-छात्राओं ने फार्म जमा किया है।
10वीं
20617 कुल स्टूडेंट्स
6807 फेल स्टूडेंट्स
क्रेडिट प्लान में होंगे शामिल
दसवीं और बारहवीं बोर्ड की परीक्षाओं में उन छात्र-छात्राओं को माशिमं के क्रेडिट प्लान का लाभ मिलेगा जिन्होंने कम से कम दो विषयों को पास कर लिया है शेष में अनुत्तीर्ण हैं। ऐसे स्टूडेंट्स को क्रेडिट प्लान योजना में दोबारा परीक्षा देने का मौका मिलेगा।