खबर छापने की धमकी दे पैसे मांगने वाले पत्रकारों पर अपराध दर्ज
कोल ट्रांसपोर्टर से खबर न छापने के नाम पर हर महीने 20 हजार मांगे
भरत अग्रवाल ने 4 अप्रैल को एसपी से की थी मामले की शिकायत।
भास्कर न्यूज | रायगढ़
22 मार्च को पुलिस ने जिले के कुछ कोल ट्रांसपोर्टरों के डिपो पर कार्रवाई की थी। इसमें पूर्व विधायक के बेटे के कोल डिपो में सबसे ज्यादा कोयला जब्त किया गया था। इस संबंध में दैनिक समाचार पत्र स्याही की ताकत के संपादक व उसके सहयोगी ने तीन दिनों तक समाचार न छापने की शर्त पर रुपए मांगे। जब कोल डिपो के मालिक ने मना किया तो तीन दिन बाद खबर भी बनाई।
इसके बाद कोलडिपो के मालिक ने एसपी से इस मामले में शिकायत की। जांच के बाद पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार भारत अग्रवाल 36 साल शहर के पूर्व विधायक विजय अग्रवाल के बेटे हैं। भरत अग्रवाल कोयला ट्रेडर और ट्रांसपोर्टर हैं। मार्च माह में जिला पुलिस ने अवैध कोयला संग्रहण कर रखने वालों और कागजात पूरी नहीं होने पर इनके कोल साइडिंग में कार्रवाई की थी। कार्रवाई के बाद 22 मार्च को दैनिक समाचार पत्र स्याही की ताकत के प्रकाशक और संपादक नितिन सिन्हा व सौरभ अग्रवाल द्वारा उन्हें मैसेज भिजवाया गया कि वे 20 हजार हर माह पहुंचाएं। इसके बदले में वे उनपर हो रही कार्रवाई के विरुद्ध समाचार नहीं बनाएंगे। पैसे नहीं पहुंचाने पर आरोपियों द्वारा खिलाफ में समाचार लिखने का डर दिखाया गया। जब भरत अग्रवाल नहीं मानें तो नितिन सिन्हा ने उन्हें फोन कर फिर से पैसे के लेन-देन के बारे में बात की। लगातार पैसे की मांग करने पर भरत अग्रवाल ने 4 अप्रैल को एसपी के पास इसकी शिकायत की। जांच के बाद एसपी ने दोनों आरोपियों पर अपराध दर्ज करने को निर्देशित किया। निर्देश के बाद थाना चक्रधर नगर में नितिन सिन्हा, सौरभ अग्रवाल व अन्य उसके साथी के विरुद्ध धारा 385, 34 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।