मोबाइल एप में डाक्टर विजिट का फोटो अपलोड करेंगे, उन्हें तभी दिया जाएगा टीए-डीए
सिविल अस्पताल व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों को फील्ड में विजिट करने से पहले अपने स्मार्ट फोन में सरकारी एप डाउनलोड करना होगा। विजिट के फोटो इस एप पर अपलोड करने के बाद ही टीए-डीए मिलेगा। सरकार ने यह निर्णय डॉक्टरों की फील्ड विजिट को अधिक कारगर बनाने के लिए लिया है।
इस एप के संबंध में कुछ मास्टर ट्रेनर्स को प्रदेश स्तर पर प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है। साथ ही फील्ड में विजिट करने वाले डॉक्टरों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। अब इस व्यवस्था को जिले में लागू किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार अब फील्ड विजिट करने पर सभी के टीए-डीए का निर्धारण भी इसी एप के जरिए होगा। डॉक्टर, सुपरवाइजर, बीपीएम, बीएमओ सहित फील्ड विजिट करने वाले सभी कर्मचारियों को भी यह एप डाउनलोड करना ही होगा। डॉक्टर फील्ड में जा रहे हैं या नहीं, इसकी निगरानी भी इस एप के जरिए सीएमएचओ ऑफिस से रखी जाएगी। नई व्यवस्था में एप को डाउनलोड करने के साथ अपना बैंक एकाउंट नंबर भी संबंधित अधिकारियों को देना होगा। इसके बाद एप पर अपलोड फोटो के आधार पर ही टीए-डीए पास किया जाएगा।