विकास तो हुआ है लेकिन लाभ पाने लोग बीपीएल की सूची में अपना नाम जुड़वाए हुए हैं: शिवरतन शर्मा
27 मई को मुख्यमंत्री की रायगढ़ जिले में विकास यात्रा से पहले संभागीय विकास यात्रा प्रभारी भूपेंद्र सवन्नी और संगठन के जिला प्रभारी शिवरतन शर्मा ने मंगलवार को तैयारियों को लेकर पत्रकारों से चर्चा की। सवन्नी ने इस दौरान प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने जिले और राज्य में विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री रमन सिंह को श्रेय दिया।
एक सवाल के जवाब में शिवरतन शर्मा ने कहा कि प्रदेश में गरीबी कम हुई है, विकास हुआ है, लेकिन योजनाओं का लाभ पाने के लिए लोग अपना नाम बीपीएल सूची में जुड़वाए हुए हैं इसलिए गरीबी रेखा के नीचे के लोगों का प्रतिशत कम नहीं हुआ है। विकास यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री इस कार्यकाल में हुए जिले में कौन से तीन बड़े कामों को लेकर जनता से संवाद करेंगे, यह सवाल पूछे जाने पर भूपेंद्र सवन्नी ने मेडिकल कालेज, महानदी पर सूरजगढ़ पुल और केलो परियोजना को गिनाया। ये काम पिछले कार्यकाल के हैं, यह बताए जाने पर सवन्नी बोले, है तो इसी सरकार की उपलब्धियां, कांग्रेसी विकास ढूंढ़ रहे हैं, वे पिछले 50 सालों में उनकी सरकारों द्वारा किए गए विकास कार्य बताएं। संगठन के नेताओं ने जिला पदाधिकारियों के साथ कार्यकर्ताओं की भी बैठक ली।