पति की लंबी आयु के लिए निर्जला व्रत रखकर महिलाओं ने चढ़ाया 21 फलों का प्रसाद
रायगढ़ | पति की लंबी आयु की कामना के लिए महिलाओं ने मंगलवार को वट सावित्री का व्रत रखा। उन्होंने निर्जला व्रत रखकर वट वृक्ष के नीचे सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना व परिक्रमा कर सावित्री-सत्यवान कथा का श्रवण किया। मंगलवार को व्रती महिलाओं ने सुबह से पूजन सामग्री एकत्रित कर अपने हाथों से पूजा की थाल सजाकर वट वृक्ष में पूजा कर कच्चे धागे बांधे एवं घर आकर पति की आरती उतारकर उनका आशीर्वाद लिया व प्रसाद ग्रहण किया। हिन्दू धर्म में पति को परमेश्वर के रूप में माना जाता है। उनकी लंबी आयु सहित सुख-समृद्धि के लिए महिलाएं पूरी श्रद्धा से व्रत करती हैं। इस व्रत में ताड़, चार, तेन्दु, तरबूज, लीची सहित 21 प्रकार के फलों को प्रसाद के रूप में उपयोग किया जाता है। वहीं कई महिलाएं घरों में ही पूजा-अर्चना कर पति की लंबी आयु की कामना की।
सावित्री सत्यवान की कथा सुनी
सरिया | वट सावित्री पर्व पर सुहागिनें अपने पति की लंबी आयु के लिए व्रत रख कर वट व पीपल वृक्ष की पूजा व परिक्रमा कर धार्मिक भावना के साथ पूजा अर्चना किया गया। नगर की महिलाएं सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना कर सावित्री सत्यवान कथा को सुना। इस व्रत में 21 दोने में 21 प्रकार के फल मूल रख कर पूजा की जाती है।