लिपाई के लिए गोबर उठाने पर हुए विवाद के बाद पिता-पुत्र ने वृद्ध को मार डाला
रायगढ़ | घर के सामने पड़े गोबर को उठाने की बात पर हुए विवाद के बाद पिता-पुत्र ने ईंट से कुचलकर एक वृद्ध की हत्या कर दी। मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम कया की है। बुधवार की सुबह 5 बजे गांव की महिला सजई गुप्ता घर लीपने के लिए सड़क में पड़े गोबर उठा रही थी।
इस बीच आरोपी रमेश सारथी की प|ी उसके पास पहुंची और उनके घर के सामने से गोबर उठाने से मना किया। इस बात को लेकर दोनों महिलाओं में विवाद हो गया। रमेश सारथी अपने घर से बाहर निकलकर सजई गुप्ता को भला बुरा कहने लगा। आवाज सुनकर सजई का पति महेश गुप्ता (60) बाहर निकला और दोनों पक्षों में बीच बचाव करने लगा। ये देख रमेश सारथी और उसका पुत्र बोडू सारथी महेश से उलझ गए। दोनों ने मिलकर महेश की पिटाई की। अंत में रमेश सारथी व उसके पुत्र ने ईंट उठाकर महेश गुप्ता के सिर में हमला कर दिया। कुछ देर बाद ही महेश ने घटनास्थल में ही दम तोड़ दिया। मामले में पुलिस ने पिता पुत्र के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।