विद्यार्थियों को ऑनलाइन फार्म भरने में परेशानी थी, अब मैनुअल भी दे सकेंगे
नए शिक्षण सत्र में कॉलेजों में एडमिशन के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरना अनिवार्य नहीं होगा, बल्कि कॉलेज या विश्वविद्यालय स्तर पर इसकी व्यवस्था की जाएगी कि पूर्व की तरह मैनुअल फार्म भरा जाए या नहीं। राज्य शासन के उच्च शिक्षा संचालनालय के अपर संचालक डॉ. किरण राजपाल ने इस आशय का पत्र सभी कुलसचिवों और प्राचार्यों को भेज दिया है। -शेष|पेज 14
इसके पहले छात्र-छात्राएं इंटरनेट के जरिए कहीं से भी अपने पसंदीदा कॉलेज में ऑनलाइन फार्म जमा कर सकते थे। ऑनलाइन फार्म भरवाने से कई तरह की समस्याओं का सामना छात्रों को करना पड़ रहा था। छात्र संगठनों ने ऑनलाइन फार्म भरने का विरोध भी जताया था। साथ ही अधिकांश लोग एडमिशन की उम्मीद में एक से ज्यादा कॉलेजों में ऑनलाइन फार्म जमा करने लगे थे, जिसका असर दाखिला प्रक्रिया पर भी पड़ा था। वहीं ग्रामीण छात्र-छात्राओं को गांव में नेटवर्क और इंटरनेट सुविधा की कमी के चलते समय पर दाखिला प्रक्रिया की जानकारी तक नहीं मिल पाती है।
जिले में 35 कॉलेज हैं
जिले में उच्च शिक्षा विभाग द्वारा संचालित शासकीय व निजी समेत कुल 35 कॉलेज हैं। इसमें शहर में 7 कॉलेज हैं। इसके अलावा खरसिया, घरघोड़ा, धरमजयगढ़, सारंगढ़, सरिया और बरमकेला में कॉलेज संचालित हो रहे है। इन कॉलेजों में हर साल 12 से 15 हजार छात्रों द्वारा एडमिशन लिया जाता है।
पंचधार में बनेगा सरिया कॉलेज बिल्डिंग
पिछले सत्र में ही सरिया में कालेज शुरू हुआ। पढ़ाई हाई स्कूल भवन में हो रही है। अगले सत्र तक यहां अब बिल्डिंग भी बन कर तैयार हो जाएगी। राज्य शासन के उच्च शिक्षा विभाग ने बिल्डिंग बनाने के लिए 40 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति दी है। राजस्व विभाग द्वारा सरिया से आधा किमी दूर पंच धार गांव में कॉलेज बिल्डिंग के लिए जमीन उपलब्ध कराई है।