मालगाड़ी का ब्रेक हुआ जाम, ट्रेन, ट्रैक पर ही फंसी मुंबई-हावड़ा रेल मार्ग का डाउन ट्रैक 5 घंटे ठप रहा
मुंबई-हावड़ा रेल मार्ग का डाउन ट्रैक शुक्रवार की सुबह करीब 5 घंटे के लिए ठप हो गया। राबर्ट्सन-भूपदेवपुर रेल खंड के बीच सुबह करीब 5.30 में एक मालगाड़ी का ब्रेक जाम हो गया। इससे मालवाहक ट्रेन, ट्रैक पर ही फंस गई। वहीं मालगाड़ी के पीछे आ रही अन्य ट्रेनों की रफ्तार थम गई।
मालगाड़ी के ड्राइवर द्वारा मामले की सूचना बिलासपुर कंट्रोल को देने के बाद रायगढ़ से लेकर बिलासपुर डिवीजन तक हड़कंप मच गया। आनन-फानन में कैरैज एंड वैगन के अधिकारी-कर्मचारी घटना स्थल पर पहुंच कर ट्रैक पर फंसी मालगाड़ी को निकालने में जुट गए। रेल अधिकारियों को माने तो पूरी मालगाड़ी को कई किस्तों में अलग-अलग कर के डाउन ट्रैक से हटाने की पहल की गई। जिसमे करीब पांच घंटे का समय लग गया, जिसकी वजह से अहमदाबाद एक्सप्रेस को राबर्टसन स्टेशन पर सुबह करीब 6 बजे से ही रोका गया था। वहीं डाउन रूट से गुजरने वाली अहमदाबाद एक्सप्रेस, हीराकुंड एक्सप्रेस के साथ टीटलागढ़ पैसेंजर को जहां-तहां घंटों देरी तक रुकी रही। सुबह 5.30 में फंसी मालगाड़ी को पांच घंटे बाद 10.30 तक हटाया गया। इसके बाद उक्त रूट पर ट्रेनों का परिचालन शुरु हुआ। जिससे लंबी दूरी की ट्रेनों मे सफर कर रहे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
कौन सी ट्रेन कहां रुकी
अहमदाबाद एक्सप्रेस से पीछे आ रही हीराकुंड एक्सप्रेस को सक्ती रेलवे स्टेशन पर सुबह 6.30 से ही रोका गया। टीटलागढ़ पैसेंजर को बाराद्वार रेलवे स्टेशन पर, सुबह 10.30 में फंसी मालगाड़ी को हटाने के बाद रूट क्लियर होने की जानकारी बिलासपुर कंट्रोल को दी गई। जिसके बाद ट्रेनों का परिचालन शुरु हो सका। सुबह करीब 10.45 में अहमदाबाद एक्सप्रेस, 11 बजे हीराकुंड जबकि 11.30 में टीटलागढ़ पैसेंजर रायगढ़ पहुंची। स्टेशनों से दूर ट्रेनों को रोकने की वजह से यात्रियों को खान-पान के लिए परेशानी हुई। खास कर छोटे-छोटे बच्चों जो अपने परिजनों के साथ ट्रेनों में सफर कर रहे थे।