संपत्ति कर पहली तिमाही में टैक्स पटाने पर 6% की दी है छूट, अप्रैल में 1 करोड़ का लक्ष्य
वित्तीय वर्ष 2018-19 में नगर निगम ने शहरवासियों को पहली तिमाही में संपत्ति कर पटाने पर 6 प्रतिशत की छूट दी है। छूट मिलने से रोजाना भारी संख्या में टैक्स जमा करने लोग निगम दफ्तर पहुंच रहे हैं।
छूट देने के बाद निगम द्वारा अप्रैल माह में ही 1 करोड़ रुपए संपत्ति कर वसूलने का लक्ष्य रखा है। पिछले 13 दिनों में ही निगम ने 94 लाख रुपए निगम को मिल चुका है। ऐसे में माना जा रहा है कि अप्रैल में रखे गए टारगेट से ज्यादा वसूली कर ली जाएगी। इतनी संपत्ति कर वसूली को निगम के अफसर मात्र छूट का ही प्रतिसाद मान रहे हैं। इसके अलावा निगम ने इस वर्ष अन्य आफर भी अपने बजट में रखा था, जिसका लाभ शहरवासी उठा रहे हैं। निगम पिछले 3-4 सालों से टैक्स वसूली का टारगेट पूरा नहीं कर पा रही थी। पिछले दिनों वित्तीय वर्ष के पहले ही दिन टैक्स जमा करने आए करदाता का निगम आयुक्त ने सम्मान किया। वहीं इस दिन यह घोषणा की गई कि यह परंपरा हर साल रहेगी। ऐसे में छूट का लाभ लेने के लिए करदाताओं की लंबी कतारें निगम दफ्तर के मोहर्रिरों के पास लग रही है।
स्थिति यह है कि नए वित्तीय वर्ष शुरू होने के कुछ दिन बाद से ही टैक्स जमा करने की होड़ लगी है। सुबह कार्यालय खुलते ही करदाता नगर निगम दफ्तर पहुंचते हुए अपना टैक्स जमा करते हुए छह प्रतिशत छूट का लाभ ले रहे हैं।
टारगेट होगा पूरा कम होगा भार
निगम राजस्व विभाग के अफसरों ने बताया कि बीते वित्तीय वर्ष में 8 करोड़ संपत्ति कर वसूली का लक्ष्य रखा था। इसमें 7 करोड़ 45 लाख की वसूली हो पाई। इस बार स्थिति ऐसी न हो। इसके लिए निगम 6 प्रतिशत छूट का प्रचार प्रसार कर रही है और अंतिम तिमाही में टैक्स जमा करने वाले लोगों को शुरू से ही प्रेरित किया जा रहा है।