बैंक मैनेजर बनकर एटीएम का पिन और ओटीपी लिया, शिक्षक से ठगे Rs.50 हजार
सरकारी स्कूल में पढ़ाने वाले शिक्षक को ठग ने बैंक का मैनेजर बताकर 50 हजार रुपए की ठगी कर ली है। शिक्षक ने ठग को एटीएम का पिन और ओटीपी दोनों दे दिए। शिकायत पर धरमजयगढ़ पुलिस ने मामले में आरोपी के विरुद्ध ठगी के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शाहपुर धरमजयगढ़ निवासी रोशन मिलन लकड़ा 38 साल शा. हाई स्कूल बरतापाली में शिक्षक है। 22 मार्च की शाम करीब 5 बजे और 23 मार्च की सुबह 9 बजे रोशन मिलन लकड़ा के मोबाइल पर ठग ने खुद को बैंक का असिस्टेंट मैनेजर बताकर एटीएम ब्लॉक हो जाने की बात कही। एटीएम ब्लॉक होने की बात सुनकर शिक्षक डर गए और अपना एटीएम पिन-ओटीपी नंबर ठग को बता दिया। कुछ देर बाद आरोपी ने Rs.49 हजार 997 ठगी कर लिया। रोशन मिलन लकड़ा बैंक खाते की जानकारी लेकर 14 अप्रैल को थाना धरमजयगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराया। रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 420 आईपीसी 66 आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है।
सिर में दर्द था, ओझा से करा रहे थे इलाज इसलिए युवती ने कर ली आत्महत्या
रायगढ़ | जुर्डा की रहने वाली आग से 90 फीसदी झुलसी युवती ने मेकाहारा के बर्न यूनिट में इलाज के दूसरे दिन दम तोड़ दिया। युवती के पिता ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि युवती के सिर में तेज दर्द था। वह अपना इलाज डॉक्टर से कराना चाहती थी। जबकि घरवाले ओझा से झाड़फूंक करा रहे थे। परेशान होकर युवती ने आत्महत्या कर ली। शुक्रवार की दोपहर 1 बजे जुर्डा निवासी सुचिता निषाद आग में बुरी तरह झुलस गई थी। उसे गंभीर हालत में मेकाहारा लाया गया। हादसे के बाद परिजन अपना बचाव करते हुए बयान दे रहे थे कि वह मेहमान के लिए खाना बनाने के दौरान चूल्हे की आग में झुलसी है। उसकी मौत के बाद जब पुलिस ने गंभीरता से पूछताछ शुरू की तो उसके पिता मनोहर निषाद ने कहा उसकी बेटी ने आत्महत्या की थी। उसने जो कारण बताए उससे पुलिस भी परेशान हो गई।