मेकाहारा में हैदराबाद से पहुंची वैक्सीन
जिले के सबसे मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में एंटी रैबीज वैक्सीन की कमी पिछले 4 माह से थी। डॉग बाइट के बढ़ते मामले और वैक्सीन को लेकर लगातार डिमांड के बाद भी इसे नहीं भेजा जा रहा था। इसे लेकर लगातार छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कार्पोरेशन के कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे थे। मामला गर्माने के बाद दवा हैदराबाद से पहुंची है।
भास्कर ने 7 अप्रैल के अंक में मेकाहारा में वैक्सीन नहीं होने के मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। आवारा कुत्तों के काटने के बाद पीडितों को सरकारी अस्पतालों में वैक्सीन ही नहीं मिल रहे थे। ऐसे में उन्हें बाहर के मेडिकल स्टोर्स से 400 से 500 रुपए खर्च कर खरीदना पड़ रहा था। जबकि सरकारी अस्पतालों में यह वैक्सीन फ्री में लगाई जाती है। मेकाहारा में रोजाना लगभग 8 से 10 लोग एंटी रैबीज वैक्सीन लगवाने पहुंचते हैं। दवा की कमी होने से लोकल पर्चेस से एक दिन में केवल 5 वैक्सीन लगाए जा रहे थे। बाकी को मेडिकल स्टोर से वैक्सीन खरीदना पड़ रहा था। हैदराबाद से दवा की खेप पहुंचने से परेशानी कम हो रही है।