रायगढ़ | खरसिया स्थित एक दुकान पर काम करने वाले 4 नौकरों ने मिलकर साबुन के थोक दुकान से 28 हजार रुपए का सामान चोरी कर बेच दिया। चोरी होने का पता तब चला, जब दुकान मालिक ने सामान व सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की। इसके बाद दुकान मालिक ने उक्त पांचों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। हालांकि आरोपियों की गिरफ्तारी होनी बाकी है, जिसके लिए पुलिस ने छापेमारी शुरू कर दी है। खरसिया थाने को दी शिकायत में गजानंद अग्रवाल ने बताया कि उसका खरसिया में साबुन का होल सेल दुकान है। दुकान पर पांच नौकर काम करते हैं। जिसमें ठंडुराम, पंकज, गोवर्धन दास व रामकृष्ण शामिल है। वह दुकान पर कम बैठते हैं, जिसका फायदा उठाते हुए चारों नौकरों ने आपस में मिलकर दुकान से 10 पेटी लक्स साबुन, 12 पेटी नंबर वन साबुन चोरी कर आगे बेच दिया। इन चोरियां का पता उसे तब लगा, जब उसने दुकान के सामान की चेकिंग की और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी। फुटेज देखने के बाद मालूम हुआ कि उक्त लोग दुकान से धीरे-धीरे सामान निकालकर आगे बेचते रहे और पैसे आपस रख लेते। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 30 हजार रुपए है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।