बर्न वार्ड में इलाज कराने वाले जरूरतमंद लोगों को न्याय दिलाने मुफ्त में कानूनी सलाह दी जाएगी। इसके लिए कैंपस में लीगल एड क्लीनिक खोला गया है। शुक्रवार को प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश गीता नेवारे व विधिक प्राधिकरण के सचिव शांतनु देशलहरे ने इस क्लीनिक का उद्घाटन किया।
यह क्लीनिक झुलसे हुए सभी रोगियों लिए खुली रहेगी। कोई भी व्यक्ति किसी भी तरह की कानूनी सलाह लेने इस क्लीनिक पर आ सकेगा। बर्न वार्ड के मरीजों के लिए यह अपनी तरह का पहला इनोवेटिव प्रयास है। लीगल एड क्लीनिक के संयोजक ने बताया कि राज्य व केंद्र सरकार समाज के गरीब नागरिकों को मुफ्त में कानूनी सलाह देने के लिए जिला व राष्ट्रीय स्तर पर केंद्र खोलती है, लेकिन झुलसे हुए मरीजों को सही समय में न्याय नहीं मिल पाता। इसीलिए मरीजों के लिए यह क्लीनिक शुरू किया गया है। यहां खासतौर पर एसिड अटैक पीड़ितों को कानूनी सलाह दी जाएगी। लीगल एड क्लीनिक पर पैनल एडवोकेट नियुक्त किए गए है, जिनके द्वारा न केवल जरूरतमंद लोगों को निशुल्क न्याय उपलब्ध करवाया जाएगा बल्कि दोनों पक्षों की सहमति से राजीनामा करवाने का भी प्रयास किया जाएगा।
पहल
प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश गीता नेवारे ने मेकाहारा के बर्न वार्ड में लीगल एड क्लीनिक का शुभारंभ किया
मेकाहारा में शुरू की गई लीगल एड क्लीनिक
गांवों में जाकर सर्वे कर पता लगाएंगे समस्याएं
बताया गया कि इसके लिए नई योजनाएं बनाई जा रही हैं। लीगल एडवाइजर के अनुसार अगला काम क्लीनिक के आसपास गांवों में जाकर सर्वे करना है। इस सर्वे के माध्यम से गांववासियों को कानून के स्तर पर आने वाली समस्याओं के बारे में पता लगाया जाएगा। गांव के लोगों को ऐसे केसेज में किस तरह की कानूनी समस्याएं आती हैं इसकी जानकारी जुटाकर उनकी मदद की जाएगी।
क्या होगा फायदा
जरूरतमंद व्यक्तियों तक मुफ्त कानूनी सहायता पहुंचाने के लिए ज्यादा से ज्यादा जागरूकता फैलाई जाएगी। इसके अलावा सेमिनार व कैंप लगाकर जरूरतमंदों को जागरूक किया जाएगा। इससे लोगों का समय बचेगा और खर्च भी नहीं होगा।
मीडिएशन सेंटर भी खोलने की तैयारी
इसी तरह मरीजों के लिए मीडिएटर की भी भूमिका अदा करने की तैयारी में है। आने वाले समय में क्लीनिक में मीडिएशन सेंटर खोलने पर विचार किया जा रहा है। इसके माध्यम से मीडिएटर दो पक्षों के बीच आपस में सुलह कराएंगे।
कई मामले बिना मीडिएटर के अदालत पहुंचता है जिसमें दोनों पक्षों को परेशानी झेलनी पड़ती है।