पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • पीएम को बघेल का पत्र पूरा पैसा दे दीजिए, चप्पलें वे खुद खरीद लेंगे

पीएम को बघेल का पत्र- पूरा पैसा दे दीजिए, चप्पलें वे खुद खरीद लेंगे

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पीसीसी चीफ भूपेश बघेल ने प्रदेश सरकार की चरण पादुका बांटने के विरोध में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को खुला पत्र लिखा है। बघेल ने कहा कि 14 अप्रैल को आपने (पीएम ने) तेंदूपत्ता बीनने वाली एक महिला को अपने हाथों से चप्पल पहनाई। ये चप्पल राज्य की ‘चरण पादुका योजना’ के तहत खरीदी हुई चप्पल थी। इसका पैसा तेंदूपत्ता की बिक्री से आते है। सरल भाषा में कहें तो यह चप्पल उस आदिवासी महिला की मजदूरी से खरीदी हुई चप्पल थी। जो पैसा उसे नकद मिल जाना चाहिए था उससे मुख्यमंत्री ने चप्पल खरीदी और फिर प्रधानमंत्री ने महिला को पहनाया। बघेल ने कहा कि राज्य सरकार की खासियत हो गई है कि वह जनता के पैसों को जनता को इस तरह लौटाती हैं मानों सरकार एहसान कर रही है। मोदीजी चप्पल के बजाए मजदूरों को पूरा पैसा दिला दे।

सीएम की मर्जी के बिना कैसे निकला आदेश : भूपेश

बघेल ने एससी/एसटी एक्ट पर सरकार के यू टर्न को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि रमन सरकार एससी और एसटी विरोधी है। पुलिस अधीक्षकों को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के परिपालन के लिए निर्देश जारी करने वाले पुलिस अधिकारी पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। भूपेश ने कहा कि बिना मुख्यमंत्री की मर्जी के यह आदेश कैसे जारी हो गया।

राहुल 24 को नए पीसीसी दफ्तर भी जाएंगे

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के 24 अप्रैल को पीसीसी के निर्माणाधीन नए दफ्तर का भी अवलोकन करेंगे। उसके बाद 2 माह बाद आकर इसका लोकार्पण कर सकते हैं। अब तक भवन का स्ट्रक्चर का काम पूरा हो पाया है।पीसीसी चीफ भूपेश बघेल ने मंगलवार को भवन में चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया और शेष कार्य जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

बघेल ने पंचायत राज सम्मेलन स्थल इंडोर स्टेडियम का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभारी पी.एल पुनिया तथा राजीव गांधी पंचायती राज की संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष मीनाक्षी नटराजन से फोन पर चर्चा कर तैयारियों के विषय की जानकारी दी। बघेल के साथ प्रदेश के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल,महामंत्री गिरिश देवांगन, शैलेश नितिन त्रिवेदी, महापौर प्रमोद दुबे, महेन्द्र छाबड़ा, ऐजाज ढेबर, जिला ग्रामीण अध्यक्ष नारायण कुर्रे,गिरीश दुबे, मनीष ठाकुर मौजूद थे।

उधर सरगुजा के सीतापुर के किसान सम्मेलन को लेकर संभाग के सभी विधानसभा क्षेत्रों में बैठकों का दौर जारी है। सीतापुर में विधायक अमरजीत भगत ने कार्यकर्ताओं की बैठक ली लुण्ड्रा, अंबिकापुर और जशपुर जिले के विधानसभा क्षेत्रों में भी बैठकें जारी है।

खबरें और भी हैं...