पुलिस पर वसूली का आरोप, ट्रक ड्राइवर ने खुद को आग लगाई
रायपुर | सरिया लेकर जगदलपुर जा रहे मुन्ना यादव नाम के ट्रक ड्राइवर ने सोमवार रात 10 बजे डीजल डालकर आग लगा ली। ड्राइवर को गंभीर हालत में पचपेड़ीनाका के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। झुलसे ड्राइवर का आरोप है कि ट्रैफिक पुलिस द्वारा उससे वसूली की जा रही थी, इसीलिए उसने खुद को आग लगा ली। अफसरों ने बताया कि ड्राइवर का मजिस्ट्रियल बयान कराया जाएगा। बताया जाता है कि उरला से वह टाटीबंध चौक पहुंचा, तब ट्रैफिक पुलिस ने उसे रोका। वहां पुलिसवालों से कथित विवाद के बाद वह भाग निकला और पचपेड़ी नाका के पास ट्रक रोककर उसी से डीजल निकालकर आग लगा ली। सड़क पर जलते व्यक्ति को देखकर आसपास वाले दौड़े और आग बुझाई।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।