सप्लीमेंट्री कॉपी में जवाब लिखकर परीक्षा देने पहुंची
रायपुर | पं.रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षा में नकल का रोचक मामला सामने आया। छत्तीसगढ़ कॉलेज के परीक्षा सेंटर में एक छात्रा सप्लीमेंट्री आंसरशीट में घर से जवाब लिखकर परीक्षा देने पहुंची थी। महिला उड़न दस्ते की टीम ने जब तलाशी ली तब उसके पास यह आंसरशीट बरामद हुई। इसमें कुछ पेज में सवालों के जवाब लिखे थे। जांच के बाद पता चला कि यह सप्लीमेंट्री आंसरशीट पिछली परीक्षा की है।
इसे छुपाकर छात्रा घर ले गई थी।
पूरा मामला बीए अंतिम की परीक्षा से संबंधित है। इसके तहत मंगलवार को इकोनॉमिक्स का पर्चा हुआ। नकल के इस अलग प्रकरण को लेकर और छात्रा के पास सप्लीमेंट्री आंसरशीट मिलने से सवाल भी उठ रहे हैं। आखिरी सेंटर से कोई स्टूडेंट कैसे कोई आंसरशीट लेकर बाहर निकला? इसमें सवालों के जवाब लिखे थे तो क्या यह आज के पर्चे से संबंधित सवाल थे? किस आधार पर छात्रा ने जवाब लिखा। क्या उसे पहले से प्रश्नों की जानकारी थी। हालांकि अभी यह जांच नहीं हुई है कि आज हुए इकोनॉमिक्स के पर्चे के सवाल और छात्रा द्वारा सप्लीमेंट्री में लिखे गए जवाब में कितनी समानता है। बीए के अलावा बीएससी व एमए प्रीवियस हिंदी की परीक्षा में भी नकल के मामले बने। गौरतलब है कि विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षा के तहत बुधवार को बीएससी प्रथम वर्ष में गणित का पेपर होगा। बीए भाग-2 में इकोनॉमिक्स की परीक्षा होगी। जबकि बीकॉम के तहत अब अगली परीक्षा गुरुवार को होगी। कंप्यूटर एप्लीकेशन की यह परीक्षा तीनों संकाय के लिए होगी। इसी तरह एमए राजनीति विज्ञान अंतिम के तहत बुधवार को आखिरी पेपर होगा। इससे पहले पीजी कक्षाओं की कई परीक्षाएं पहले ही खत्म हो चुकी है। विवि से मूल्यांकन का काम चल रहा है। नतीजे मई के आखिरी सप्ताह से आने शुरू हो जाएंगे।
डागा कॉलेज सेंटर में ज्यादा मामले :
डागा कॉलेज परीक्षा सेंटर पर नकल से संबंधित लगातार मामले आ रहे हैं। उड़न दस्ते की टीम की नजर इस कॉलेज पर है। वार्षिक परीक्षा के तहत मंगलवार को नकल के कुल सात मामले आए। इनमें से 4 मामले डागा कॉलेज सेंटर में ही मिले। बीएससी भाग-2, केमिस्ट्री के पर्चे में 36 पेज की गाइड के साथ एक छात्रा पकड़ी गई। जबकि कुछ अन्य के पास हाथ से लिखी चिट भी मिली। इसी तरह महिला उड़न दस्ते की टीम ने शासकीय कॉलेज बागबाहरा से भी दो छात्राओं को नकल करते पकड़ा।
सेमेस्टर परीक्षा के लिए आवेदन जल्द :
रविवि से इन दिनों वार्षिक परीक्षा आयोजित की जा रही है। मई-जून में सेमेस्टर परीक्षा होगी। विश्वविद्यालय इसकी तैयारियों में है। दिसंबर-जनवरी सेमेस्टर परीक्षा के नतीजे आने का सिलसिला शुरू है। कुछ कक्षाओं के नतीजे आने शेष है। अफसरों का कहना है कि सेमेस्टर के पूरे नतीजे कुछ ही दिनों में जारी हो जाएंगे। इस बीच आगामी सेमेस्टर परीक्षा के आवेदन के लिए सूचना जारी होगी।