2 करोड़ के लिए चचेरे भाई ने रची साजिश, ज्यादा क्लोरोफार्म से मौत
सुंदर नगर की ओम सोसायटी में 21 साल के छात्र प्रकाश शर्मा की हत्या उसी के चचेरे भाई अमृत शर्मा और साथियों ने की थी। अमृत ने प्रकाश को अपने घर रोका, फिर उसके अपहरण की साजिश रची। वह प्रकाश के पिता से 2 करोड़ रुपए की फिरौती की फिराक में थे। उसी ने आधी रात अपने दोस्तों को नकाब लगाकर बुलाया। इन्हीं लोगों ने क्लोरोफार्म लगे हुए रूमाल से प्रकाश का मुंह दबा दिया।
क्लोरोफार्म ज्यादा होने की वजह कुछ देर छटपटाने के बाद प्रकाश ने दम तोड़ दिया। तब अमृत ने अपने साथियों से कहा कि उसे बांधकर भाग जाएं। आरोपियों के जाने के बाद उसने बाहर निकलकर भाई की हत्या का शोर मचा दिया। एडिशनल एसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि मृतक प्रकाश शर्मा (21) बसना का रहनेवाला था। वह भिलाई में बीएससी की पढाई कर रहा था। परीक्षा खत्म होने के बाद वह गांव जाने के लिए निकला और रायपुर में बड़े पिता के बेटे अमृत शर्मा (25) के रूम में रुक गया। प्रकाश वहां तीन दिन रहा। इसके बाद उसने जाने की इच्छा जताई तो अमृत ने कुछ दिन और रूकने के लिए कहा। इसके बाद अमृत ने अपने रूममेट भोजराज नंद के साथ प्रकाश के अपहरण की साजिश रची। दोनों ने इस प्लान में बसना के अनिल बेहरा और चित्रसेन बेहरा को शामिल किया। चारों की योजना प्रकाश के पिता से फिरौती के रूप में 2 करोड़ वसूलने की थी।
कपड़े में दोबारा डाला क्लोरोफार्म
वारदात वाले दिन अमृत ने बसना के दोनों युवकों को रविवार को यहां बुलवाया। गोलबाजार से नौ नए गमछे खरीदे। आधी रात प्रकाश सो गया, तब आरोपी कमरे में घुसे। प्रकाश को क्लोरोफॉर्म सुंघाया, लेकिन वह बेहोश नहीं हुआ। तब उसके हाथ-पैर बांधकर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। वह विरोध करने लगा, तब कपड़े में और क्लोरोफॉर्म डालकर प्रकाश का मुंह दबा दिया गया। इससे कुछ देर में उसकी मौत हो गई। इससे आरोपी घबरा गए। तब अमृत ने साथियों से कहा कि उसे बांधकर भाग जाएं। साथी उसे बांधकर चले गए। दो घंटे बाद अमृत ने अपना हाथ खोला और बाहर निकलकर मकान मालिक और पड़ोसी को सूचना दी।
मर्डर के आरोपी।
मृतक के फोन से मांगते फिरौती
आरोपियों ने दो दिन तक प्रकाश को बंधकर बनाकर रखने और उसी के फोन से फिरौती मांगने की साजिश की थी। इसलिए उसका मोबाइल भी रख लिया था। तय हुआ था कि 2 करोड़ की फिरौती मांगेंगे और 50 लाख में सौदा तय कर लेंगे। लेकिन पूरा प्लान ही गड़बड़ा गया।