आज मनाई जाएगी परशुराम जयंती, होंगे कई कार्यक्रम
कम्युनिटी रिपोर्टर | रायपुर
ब्राह्मण समाज बुधवार को शहर में भगवान परशुराम जयंती का आयोजन करेगा। इस मौके पर शहरभर में विविध धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भनपुरी के भगवान परशुराम चौक में इस अवसर पर सुबह 8.30 बजे महाआरती का आयोजन होगा। साथ ही दिनभर विविध धार्मिक और मानव सेवा से जुड़े कार्यक्रम होंगे। सर्व ब्राह्मण समाज खमतराई भनपुरी परिक्षेत्र ने समाज के लोगों से आयोजन में अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। इसी तरह गौड़ ब्राह्मण समाज बुधवार सुबह 10 बजे समता कॉलोनी के खाटू श्याम भवन के पास पूजा-अर्चना और प्रसाद वितरीत करेगा। दोपहर 1 बजे संजीवनी वृद्धाश्रम में बुजुर्गों को भोजन करवाया जाएगा। इसी क्रम में रामसागरपारा के पुरोहित प्लाजा में दोपहर 1 बजे भंडारे का आयोजन होगा। अखिल भारतीय ब्राह्मण सेना कोटा स्थित प्रतिमा के समक्ष समारोह आयोजित कर प्रतिमा पर माल्यार्पण करेगी। अध्यक्ष अमित शर्मा ने बताया कि जयंती समारोह पूरे एक सप्ताह चलेगा। इस दौरान सेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे।