चार चांद लगाएगा महादेव घाट का लक्ष्मण झूला: बृजमोहन
रायपुर | धर्मस्व कृषि एवं जल संसाधन मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने रायपुर के ऐतिहासिक महादेव घाट पर बने लक्ष्मण झूला एवं खूबसूरत गार्डन का मंगलवार अवलोकन किया। अग्रवाल ने यहां पर्यटकों को मिलने वाली सुविधाओं बैठने की व्यवस्था,गाड़ियों की पार्किंग, कैंटीन आदि की जानकारी ली। अग्रवाल ने अधिकारियों को भाटागांव एनीकट से कुम्हारी एनीकट तक खारुन नदी की साफ-सफाई करने के लिए कार्य योजना बनाने और महादेव घाट के आसपास के पूरे हिस्से को विकसित करने के लिए प्रस्ताव बनाने कहा। जल संसाधन मंत्री ने दुर्ग कलेक्टर उमेश अग्रवाल को दुर्ग जिले की ओर से उद्यान में आने-जाने के लिए दो नये रास्ते बनाने को कहा। उन्होंने दुर्ग कलेक्टर को लोकार्पण समारोह की तैयारियां शुरू करने के निर्देश भी दिए। अग्रवाल ने उद्यान में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए एक रेस्ट हाउस बनाने तथा उद्यान में लाईट की समुचित व्यवस्था करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया। नदी तट पर विकसित उद्यान में लक्ष्मण झूले से होकर भी पहुंचा जा सकता है। महादेवघाट पर दुर्ग जिले के छोर में रिवर फ्रंट पर करीब 900 मीटर लंबा उद्यान विकसित कर लिया गया है। घाट पर लक्ष्मण झूला बन कर तैयार है।
महादेवघाट के सौंदर्यीकरण और लक्ष्मण झूला जल संसाधन विभाग ने बनाया। लगभग छह करोड़ 10 लाख रूपए से 150 मीटर लक्ष्मण झूला बनाया गया है। इसमें से 90 मीटर का हिस्सा सस्पेंशन होगा। दुर्ग जिले के हिस्से में रिवर फ्रंट पर 900 मीटर में उद्यान बनकर तैयार है। उद्यान में पेड स्टेन ट्रैक, एक्वा प्रेशर ट्रैक और गोल्फ कार्ट ट्रैक बनाए गए हैं। उद्यान में बच्चों के मनोरंजन के लिए कई प्रकार के झूले लगाए गए हैं। एक कैफेटेरिया का निर्माण भी यहां पर्यटकों की सुविधा के लिए किया गया है। एक्सरसाइज और योगाभ्यास के लिए अलग-अलग ट्रैक बने हुए हैं। इस अवसर पर जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक दुर्ग के अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन, रायपुर नगर निगम के पार्षद दीनबंधु ठाकुर, शयादराम साहू, संजू नारायण सिंह ठाकुर,बिहारी लाल साहू, मुकेश पंजवानी, दुर्ग के पुलिस अधीक्षक डॉ. संजीव शुक्ला, रायपुर नगर निगम आयुक्त रजत बंसल, जल संसाधन विभाग के प्रमुख अभियंता एचआर कुटारे, रायपुर और दुर्ग जिले के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।