पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • दसवीं के छात्रों को दे दिया बारहवीं का पर्चा, वो परीक्षा देकर घर भी चले गए, बाद में पेपर का मिलान किया तब पता चला

दसवीं के छात्रों को दे दिया बारहवीं का पर्चा, वो परीक्षा देकर घर भी चले गए, बाद में पेपर का मिलान किया तब पता चला

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
दंतेवाड़ा से 23 किमी दूर कुआकोंडा में सोमवार को आेपन बोर्ड परीक्षा में इंग्लिश का पेपर देने आए 10वीं के 141 छात्रों को 12वीं का पर्चा थमा दिया गया। हैरानी की बात ये है कि 3 घंटे तक न तो किसी परीक्षार्थी ने इसकी शिकायत की, न केंद्राध्यक्ष से लेकर कमरों में ड्यूटी कर रहे शिक्षकों का इस पर ध्यान गया। तीन घंटे पेपर हुआ, कॉपियां स्ट्रांग रूम में जमा हो गईं। मंगलवार को कुआकोंडा के 10वीं के छात्र भावेश, जयमन और इंदु जब घर में प्रश्नपत्र मिला रहे थे तब पता चला कि पेपर में सभी सवाल 12वीं के थे। इन छात्रों ने शिक्षकों को सूचना दी तो मामले का खुलासा हुआ। सहायक केंद्राध्यक्ष गंभीर साहू ने 12वीं का जो पर्चा बांटा था वो परीक्षा 19 अप्रैल को होनी है।

यह होती है प्रक्रिया प्रश्नपत्र निकालने की : ओपन स्कूल परीक्षा में प्रश्नपत्र की पेटी परीक्षा केंद्र के निकटतम थाने में जमा होती है। यहां दो अभिरक्षा पंजी भी होती है। इनमें एक केंद्राध्यक्ष और दूसरी थाना प्रभारी के पास रहती है। पेपर निकालने पर दोनों रजिस्टर में इंट्री की जाती है। टाइम टेबल से मिलान के बाद थाने वाले केंद्राध्यक्ष के रजिस्टर और केंद्राध्यक्ष थाने के रजिस्टर में हस्ताक्षर करते हैं। ये प्रश्नपत्र खाकी लिफाफे में होता है जो पारदर्शी झिल्ली से पैक किया जाता है। इस पर विषय का नाम, विषय का काेड, प्रश्नपत्र की संख्या, आवश्यक निर्देश अंकित होते हैं। पूरा विवरण देखने के बाद ही इस लिफाफे को काटा जाता है लेकिन इससे पहले दो परीक्षार्थी, एक पर्यवेक्षक और केंद्राध्यक्ष लिफाफे पर छपे विवरण के मुताबिक तस्दीक करने के बाद अपने हस्ताक्षर करते हैं।

राज्य के 60 हजार परीक्षार्थियों के लिए सेट होगा नया पेपर

पेपर लीक होने की सूचना दंतेवाड़ा के जिला शिक्षा अधिकारी ने कलेक्टर व ओपन बोर्ड के अफसरों को भेज दी है। अब 12वीं का अंग्रेजी का पेपर फिर से सेट करके छपवाना पड़ेगा। इस साल राज्य में ओपन बोर्ड के तहत 60 हजार परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। इतनी संख्या में नया पेपर छपने और अगली तारीख तय करने में कम से कम 12 से 15 दिन का समय लगना तय है।

कुआकोंडा में दोबारा होगा 10वीं का पेपर

प्रभारी प्राचार्य व व्याख्याता निलंबित

छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल रायपुर द्वारा आयोजित मुख्य परीक्षा मार्च-अप्रैल 2018 की गोपनीयता भंग करने और सरकारी कामकाज में अपने पद से संबंधित कर्तव्य पालन में शिथिलता और लापरवाही बरतने पर दो व्याख्याताओं को आज तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। दोनों व्याख्याता बालक उच्चतर माध्यमिक शाला कुआकोण्डा में कार्यरत थे। कलेक्टर दंतेवाड़ा ने इनमें से प्रभारी प्राचार्य तथा परीक्षा केन्द्र प्रभारी आशा देवी कुशवाह को निलंबित कर दिया है। कुशवाह को निलंबन अवधि में दंतेवाड़ा स्थित आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त कार्यालय से संलग्न किया गया है।

कलेक्टर ने निलंबित व्याख्याता कुशवाह के स्थान पर शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला कुआकोण्डा के व्याख्याता (पंचायत) देवेन्द्र कुमार सोनी को परीक्षा केन्द्र प्रभारी बनाया है। बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुआकोण्डा के व्याख्याता (पंचायत) जीआर साहू का निलंबन आदेश मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दंतेवाड़ा द्वारा जारी किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें भी दंतेवाड़ा स्थित आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त के कार्यालय से संलग्न किया गया है।

भास्कर ने बोर्ड के डिप्टी सेक्रेटरी डॉ. एनके अग्रवाल से बात की तो उन्होंने बताया कि 12वीं अंग्रेजी विषय का पेपर राज्य के सभी केंद्रों पर होगा। कुआकोंडा के 10वीं के छात्रों के लिए भी नया पेपर छपकर आएगा।

खबरें और भी हैं...