पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • एमसीए सीटें 525 पर आवेदन 472 ही प्रवेश परीक्षा से पूर्व सबकी सीट पक्की

एमसीए सीटें 525 पर आवेदन 472 ही प्रवेश परीक्षा से पूर्व सबकी सीट पक्की

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नर्सिंग के लिए व्यापमं को मिले 32 हजार आवेदन

एजुकेशन रिपोर्टर|रायपुर।

एमसीए की प्रवेश परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों की सीट परीक्षा के नतीजों से पहले पक्की हो गई है। विद्यार्थी यदि परीक्षा में शामिल भी हो जाते हैं तो वे एमसीए में प्रवेश ले सकते हैं। क्योंकि सीटों के मुकाबले इस बार भी कम आवेदन आए हैं। राज्य में एमसीए की करीब सवा पांच सौ सीटें हैं। जबकि प्रवेश परीक्षा के लिए व्यापमं को 472 आवेदन मिले हैं। प्री-एमसीए 17 मई को आयोजित की जाएगी। इसके लिए व्यापमं से रायपुर व बिलासपुर में दो परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

एमसीए कोर्स को लेकर कुछ बरसों से यही स्थिति बनी है। पिछली बार इस कोर्स में सवा पांच सौ सीटों के मुकाबले सिर्फ 61 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया था। 88 फीसदी सीटें खाली रही थी। शिक्षाविदों का कहना है कि एमसीए के प्रति विद्यार्थियों का रुझान लगातार कम हो रहा है। इस वजह से यह नौबत आई है। जितनी सीटें हैं, प्रवेश परीक्षा के लिए उतने भी विद्यार्थियों के आवेदन नहीं आ रहे हैं। एमसीए की प्रवेश परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र कुछ दिन पहले जारी किए गए। वेबसाइट cgvyapam.choice.gov.in से प्रवेश पत्र निकाले जा सकते हैं। दूसरी पाली दोपहर 2 से शाम 5.15 बजे तक एमसीए प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी।

वायुसेना की भर्ती रैली में 21 को शामिल होंगे युवा

भारतीय वायु सेना की ओर से 16 से 21 मई तक रायगढ़ के मिनी स्टेडियम में भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है। इसमें 21 मई को रायपुर जिले के स्थानीय निवासी शामिल हो सकेंगे। ऐसे आवेदक जिनके पास जिले का निवास प्रमाण-पत्र है तथा जिनकी शैक्षणिक योग्यता न्यूनतम 12वीं में 50 प्रतिशत है तथा जिनकी जन्मतिथि 13 जनवरी 1998 से 2 जनवरी 2002 के बीच हो शामिल हो सकते हैं।



भर्ती के लिए युवाओं को शारीरिक एवं लिखित परीक्षा पास करनी होगी। शारीरिक परीक्षा के तहत 1600 मीटर की दौड़ 5 मिनट 40 सेकेंड में पूरी करनी होगी। इसी तरह 20 पुश अप, 20 सिट अप और 8 चिन अप करना अनिवार्य होगा। लिखित परीक्षा (निगेटिव मार्किंग नहीं) पार्ट-1 में अंग्रेजी तथा पार्ट-2 में तार्किक क्षमता एवं सामान्य ज्ञान (कुल 45 मिनट में 50 प्रश्न) पूछे जाएंगे। रैली में शामिल होने के लिए युवाओं को 10वीं, 12वीं परीक्षा के सर्टिफिकेट, निवास प्रमाण-पत्र, एनसीसी प्रमाण-पत्र की मूल और कम से कम तीन स्वयं प्रमाणित फोटो कॉपी के साथ 10 रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो ले जाना होगा। चयनित युवाओं को प्रशिक्षण के दौरान 11,400 रुपए का वेतन हर महीने दिया जाएगा। ट्रेनिंग के बाद सैलरी 24,900 रुपए प्रति माह होगी। भर्ती रैली में शामिल होने और अधिक जानकारी के लिए आवेदक जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र में संपर्क कर सकते हैं।

नर्सिंग प्रवेश परीक्षा के लिए 32 हजार आवेदन

बीएससी नर्सिंग में दाखिले के लिए गुरुवार को ही व्यापमं से पहली पाली, सुबह 10 से 12.15 बजे तक प्रवेश परीक्षा होगी। राज्य में बीएससी नर्सिंग की करीब चार हजार सीटें हैं। इसके लिए व्यापमं को इस बार 32 हजार आवेदन मिले हैं। परीक्षा के लिए कुल 72 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पिछली बार की तुलना में इस बार आवेदन की संख्या में इजाफा हुआ है।

खबरें और भी हैं...