चेक से निकाले 12 लाख बैंक कर्मचारी गिरफ्तार
रायपुर | बैंक में एक निजी कंपनी के चेक को भुनाकर 12 लाख 30 हजार की ठगी करने वाले बैंक कर्मी को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है। क्लर्क ने मकान बनाने के लिए कई लोगों से पैसे उधार लिया था, लेकिन वह भुगतान नहीं कर पा रहा था। बैंक में गुवाहाटी की एक कंपनी का चेक जमा हुआ था। आरोपी ने अपने साथी कर्मी की आईडी से चेक को भुना लिया और पैसे अपने खाते में ट्रांसफर कर लिया। कंपनी ने खाते से पैसे निकलने की शिकायत की। बैंक ने जांच के बाद बैंक कर्मी को निलंबित कर दिया था और पुलिस में शिकायत की।
पुलिस ने जांच के बाद चारसौबीसी का केस दर्ज किया।
डीएसपी क्राइम अभिषेक महेश्वरी ने बताया कि शंकर नगर का खगेन चंद्र तालुकदार बैंक ऑफ बड़ौदा गंज शाखा में क्लर्क है। उसने पिछले शंकर नगर के अशोका रतन में मकान खरीदा था। उसने उधार कई लोगों से पैसे उधार लिए थे, लेकिन वह उन्हें पैसे नहीं दे पा रहा था। पिछले साल वह बैंक में बैठा हुआ था। उसके बगल में बैठा कैशियर भोजन करने चला गया। तब वह उसके काउंटर में गया और वहां से गुवाहाटी की कंपनी ओम फाउंडेशन के चेक को अपने साथी की बैंक आईडी से क्लियर कर दिया। कंपनी के खाते से पैसे निकालकर उसे अपने खाते में ट्रांसफर कर दिया। गुवाहाटी की कंपनी ने एक महीने बाद बैंक में इसकी शिकायत की। बैंक में जांच हुई तो क्लर्क का साथी फंस गया। क्योंकि उसी की आईडी से चेक क्लियर हुआ था। उसके बाद खाते की तकनीकी जांच की गई तो पाया गया कि पैसे क्लर्क के खाते में गया है। बैंक ने आरोपी को निलंबित कर दिया था। उसके बाद पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।