रायपुर | पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती कीमतों के विरोध में युवा जनता कांग्रेस ने अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया। युवा जनता कांग्र्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विनोद तिवारी के नेतृत्व में घोड़ों पर सवार होकर कार्यकर्ता राज्यपाल को ज्ञापन देने के लिए सागौन बंगले से राजभवन की ओर निकले। राजभवन के लिए जा रहे युवा जनता कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रास्ते में काली मंदिर के पास रोक लिया। हालांकि, बाद में पुलिस ने पैदल राजभवन पहुंचकर ज्ञापन सौंपने की अनुमति दे दी। तिवारी ने राज्यपाल को सौंपे ज्ञापन में पेट्रोलियम पदार्थों में भारी भरकम टैक्स का विरोध करते हुए महामहिम राष्ट्रपति से हस्तक्षेप का निवेदन किया है। साथ ही पेट्रोलियम पदार्थों को भी जीएसटी के दायरे में रखने की मांग की है। तिवारी ने कहा कि केंद्र सरकार पेट्रोलियम पदार्थों में भारी भरकम टैक्स लगाकर पेट्रोल व डीजल की कीमतों को बेवजह ऊंचा रखे हुए हैं। मोदी सरकार की गलत नीति के चलते आज हालत ये हो गई है की कार अथवा बाइक रखने से ज़्यादा सस्ता घोड़ा पालना हो गया है। मोदी सरकार हिंदुस्तान को अठारहवीं सदी की ओर ले जाना चाह रही है।