रायपुर | दंतेवाड़ा के चोलनार में हुए नक्सली हमले में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए पीसीसी चीफ भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव आैर चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष डॉ.चरणदास महंत ने राज्य सरकार को कठघरे में खड़ा किया है। भूपेश बघेल और सिंह देव ने कहा है कि यह बड़े दुख की घड़ी है। शहीद जवानों के परिजनों की पीड़ा का एहसास और दुख हम सबको है। कांग्रेस पार्टी और पूरा छत्तीसगढ़ इस दुख की घड़ी में उनके साथ है। दोनों नेताओं ने कहा कि न तो रमन सिंह ने बस्तर में विकास पहुंचाया और न नक्सली समस्या के उन्मूलन की दिशा में कोई ठोस काम किया। इस मामले पर डा.महंत ने कहा कि राज्य में नक्सलियों का हमला लगातार जारी है और मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह विकास यात्रा के बहाने अपने स्वागत-सत्कार में रमे हुए हैं। हर दिन नक्सलियों की गोली से लोगों की जान जा रही है।
इसके पहले भी पीएम आैर केन्द्रीय गृहमंत्री के दौरे के समय नक्सलियों ने हमले किए थे। इस बार भी केन्द्रीय गृहमंत्री के आने के एक दिन पहले नक्सलियों ने इतनी बड़ी वारदात की है। लेकिन इन बड़े हमलों से कोई सबक लेने का नाम भाजपा की सरकारें नहीं ले रही हैं।