आउटर में गर्मी अचानक 42 डिग्री दो दिन के भीतर ही लू जैसे हालात
इस बार अप्रैल का मौसम चौंकाने वाला है। पिछले दस साल में पहली बार 5 अप्रैल से 15 अप्रैल तक राजधानी में घने बादल रहे और 40 मिमी बारिश हो गई। लेकिन आसमान साफ होते ही मौसम अचानक बदला है। बुधवार को राजधानी ही नहीं, पूरे प्रदेश में तेज धूप से दिन का तापमान 4 से 5 डिग्री उछलकर 40 डिग्री से पार हो गया और तेज गर्मी पड़ी।
रायपुर शहर में दोपहर का तापमान पहली बार 41 डिग्री पर पहुंचा। आउटर में यानी माना के आसपास तो पारा 42 ़डिग्री को छूने लगा और लू जैसे हालात बन गए हैं। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक पूरा प्रदेश राजस्थान की ओर से आ रही गर्म हवा की चपेट में आ गया है। इस वजह से गर्मी अचानक बढ़ी है। रायपुर और बिलासपुर संभाग के मैदानी इलाकों में गर्मी अचानक इतनी बढ़ी है कि गुरुवार को भी मौसम ऐसा ही रहा तो लू चलने की चेतावनी जारी की जा सकती है। बुधवार को प्रदेश के अधिकांश प्रमुख शहरों में दोपहर का तापमान 40 डिग्री से अधिक रिकार्ड किया गया है। राजनांदगांव में तापमान थोड़ा कम रहता है, इसलिए वहां लू के हालात पैदा हो गए हैं। वहां तापमान सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा है। राजधानी में बुधवार को सुबह 10 बजे से ही धूप चुभ रही थी। दोपहर तक गर्मी तेज हुई और पारा 41 डिग्री पर पहुंच गया। यह सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा है। तेज गर्मी की वजह से दोपहर में नमी घटकर 19 फीसदी रह गई, जो सिर्फ दो दिन पहले 40 फीसदी थी। इस वजह से शहर के आउटर में पारा 41.9 डिग्री पर पहुंच गया।
आज भी गर्मी से राहत नहीं : मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को भी तेज गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं। क्योंकि ऐसा कोई सिस्टम नहीं है कि यहां राजस्थान की ओर से आने वाली गर्म हवा की दिशा बदले।
उत्तर व दक्षिण छत्तीसगढ़ में नमी थोड़ी ज्यादा है, इसलिए वहां एक-दो जगह गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।